सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस को किया अनफॉलो!क्या खत्म होने वाला है 8 साल पुराना रिश्ता?

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टी20 टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर उठे सवाल हैं। हाल ही में सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर अपनी आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस को अनफॉलो कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने टीम से जुड़े कई पोस्ट भी अपने अकाउंट से हटा दिए। इसके बाद क्रिकेट फैंस के बीच अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या मुंबई इंडियंस और सूर्यकुमार यादव का साथ खत्म होने वाला है।
सोशल मीडिया पर क्या हुआ?
फैंस की नजर तब इस मामले पर गई जब सूर्यकुमार यादव के इंस्टाग्राम प्रोफाइल से मुंबई इंडियंस से जुड़ी तस्वीरें और पोस्ट गायब दिखे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने टीम को अनफॉलो भी कर दिया है। उनकी प्रोफाइल पर मुंबई इंडियंस की जर्सी वाली तस्वीर भी नजर नहीं आ रही है।
हालांकि, सूर्यकुमार या मुंबई इंडियंस की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ऐसे में फिलहाल यह सिर्फ सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर लगाई जा रही अटकलें हैं।
यह भी पढ़ें: Vaibhav Sooryavanshi : क्या खाते हैं वैभव सूर्यवंशी? जानें फिटनेस और फेवरेट फूड का पूरा हिसाब
अनफॉलो करने की क्या हो सकती है वजह?
सोशल मीडिया पर किसी टीम या संस्था को अनफॉलो करना हमेशा रिश्ते खत्म होने का संकेत नहीं होता। कई बार खिलाड़ी अपने अकाउंट को रीब्रांड करने, निजी कारणों या भविष्य की योजनाओं के चलते भी ऐसे कदम उठाते हैं।
हालांकि, हाल के दिनों में भारतीय टी20 टीम से कप्तानी हटने और कुछ अहम सीरीज से बाहर रहने जैसी खबरों के बीच यह कदम चर्चा का विषय बन गया है। इसी वजह से फैंस इसे मुंबई इंडियंस से संभावित अलगाव के संकेत के रूप में देख रहे हैं।
KKR- CSK में जा सकते हैं सूर्यकुमार...
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अगर सूर्यकुमार मुंबई इंडियंस से अलग होते हैं तो उनकी पुरानी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) उन्हें वापस लाने की कोशिश कर सकती है। केकेआर को टॉप ऑर्डर में एक अनुभवी भारतीय बल्लेबाज की जरूरत भी है।
इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का नाम भी संभावित विकल्पों में लिया जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी फ्रेंचाइजी या खिलाड़ी की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं मानव सुथार? अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू मैच में 7 विकेट लेकर बने भारत के जीत के हीरो
मुंबई इंडियंस के लिए शानदार रहा सफर
सूर्यकुमार यादव का मुंबई इंडियंस के साथ सफर बेहद सफल रहा है। 2018 में टीम में वापसी के बाद उन्होंने खुद को फ्रेंचाइजी के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल किया। मुंबई इंडियंस के लिए 127 मैचों में 4,020 रन बनाकर उन्होंने कई यादगार पारियां खेलीं।
यही वजह है कि उनके अनफॉलो करने की खबर ने फैंस के बीच हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि यह सिर्फ सोशल मीडिया बदलाव है या फिर आईपीएल में किसी बड़े ट्रांसफर की शुरुआत।
IPL 2026 में बनाए सिर्फ 270 रन
आईपीएल 2026 सूर्यकुमार यादव के लिए यादगार नहीं रहा। मुंबई इंडियंस के भरोसेमंद बल्लेबाज माने जाने वाले सूर्या इस सीजन में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। उन्होंने पूरे सीजन में सिर्फ 270 रन बनाए, जो उनके पिछले रिकॉर्ड और कद के हिसाब से काफी कम माना जा रहा है। लगातार खराब फॉर्म और बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहने के कारण टीम में उनकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठे।
हार्दिक की कप्तानी पर उठ रहे सवाल
हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस ने बड़े भरोसे के साथ गुजरात टाइटंस से वापस टीम में शामिल किया था और कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। हालांकि, उनके नेतृत्व में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। 2024 से अब तक मुंबई इंडियंस ने 39 मुकाबले खेले हैं, जिनमें सिर्फ 15 मैच जीते, जबकि 24 में हार का सामना करना पड़ा। टीम का जीत प्रतिशत करीब 38% रहा, जो फ्रेंचाइजी के इतिहास के लिहाज से काफी निराशाजनक माना जा रहा है।











