Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Independence Day 2026 :लाल परेड मैदान से CM डॉ. मोहन यादव के बड़े ऐलान, 2027 होगा ‘युवा वर्ष’, रोजगार, निवेश और किसानों पर फोकस

मध्य प्रदेश में 80वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 9 बजे तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और आने वाले वर्षों के विकास का रोडमैप सामने रखा। मुख्यमंत्री ने भोपाल से शारजाह के लिए जल्द इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू होने की भी
लाल परेड मैदान से CM डॉ. मोहन यादव के बड़े ऐलान, 2027 होगा ‘युवा वर्ष’, रोजगार, निवेश और किसानों पर फोकस
80वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया

Live Updates

10:30 AM 15/08/26

वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्त

लाल परेड मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह वंदे मातरम् और राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया।

10:15 AM 15/08/26

रायसेन में राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने किया ध्वजारोहण

रायसेन जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सागर रोड स्थित होमगार्ड परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। समारोह में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट और एसएएफ की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लेकर देशभक्ति का जज्बा दिखाया।

10:00 AM 15/08/26

लाल परेड मैदान में पदक अलंकरण समारोह शुरू

लाल परेड मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री का संबोधन समाप्त हो गया है। इसके बाद अब पदक अलंकरण समारोह शुरू हो गया है। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया जा रहा है। समारोह में वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद हैं।

09:50 AM 15/08/26

सीएम मोहन यादव के बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की जमीन अधिग्रहित किए जाने पर उन्हें चार गुना मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनकी जमीन का उचित मुआवजा सुनिश्चित कर रही है। वहीं युवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान सरकार का लक्ष्य एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री के इस ऐलान को युवाओं और किसानों के लिए सरकार की बड़ी पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

09:40 AM 15/08/26

देखें live video

09:35 AM 15/08/26

CM मोहन यादव का संबोधन शुरू

स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन शुरू हो गया है। अपने संबोधन की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने वीरों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के संकल्प को दोहराया।

09:30 AM 15/08/26

सड़क, बिजली और सिंचाई पर फोकस

सरकार सिंचाई क्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रही है। केन-बेतवा लिंक परियोजना के जरिए 2028-29 तक सिंचाई क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 23 हजार करोड़ रुपये की लागत से 15 हजार किलोमीटर सड़कें बनाई गई हैं। बिजली उत्पादन में ग्रीन एनर्जी की हिस्सेदारी 30 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी करने का लक्ष्य है।

09:30 AM 15/08/26


ध्वजारोहण के बाद संयुक्त परेड की सलामी

ध्वजारोहण के बाद समारोह में ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त परेड की सलामी ली। परेड में पुलिस, एसएएफ, सीआईएसएफ, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। जवानों और विद्यार्थियों की अनुशासित कदमताल ने समारोह में देशभक्ति का जोश और बढ़ा दिया।

09:25 AM 15/08/26

स्टार्टअप और निवेश पर जोर

सीएम ने कहा कि प्रदेश में 100 नए इन्क्यूबेशन सेंटर बनाए जाएंगे। लक्ष्य है कि हर जिले में कम से कम एक सेंटर हो। वर्तमान में प्रदेश में करीब 8 हजार स्टार्टअप हैं, जिनमें करीब 50 फीसदी महिला नेतृत्व वाले हैं। इनकी संख्या बढ़ाकर 12 हजार से ज्यादा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 34 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में से 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश जमीन पर उतर चुका है। धार में 21,500 करोड़ का पीएम मित्र पार्क भी स्थापित किया जा रहा है। अगली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में भोपाल में होगी।

09:20 AM 15/08/26

किसानों के लिए भी बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों की जमीन अधिग्रहित करने पर चार गुना मुआवजा देने की बात कही गई। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई साल में किसानों के खातों में 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई है।

09:20 AM 15/08/26

अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने फहराया तिरंगा

ग्वालियर के एसएएफ ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया। तिरंगा फहराए जाने के बाद पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय धुन बजाई।

09:15 AM 15/08/26

2027 होगा ‘युवा वर्ष’

मुख्यमंत्री ने युवाओं और रोजगार को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य हर साल एक लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।अगले एक साल में 1 लाख युवाओं को ITI ट्रेनिंग दी जाएगी।
10 हजार युवाओं को ग्लोबल स्किल पार्क में प्रशिक्षण मिलेगा। शिक्षा, कौशल, स्वरोजगार, स्टार्टअप, खेल-संस्कृति, शोध और नेतृत्व क्षमता पर काम होगा। उद्योगों और युवाओं के बीच बेहतर तालमेल के लिए प्लेसमेंट सेल बनाया जाएगा।

09:15 AM 15/08/26

पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों का होगा सम्मान

स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान के जरिए ड्यूटी के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मियों के योगदान को पहचान दी जाएगी।

09:10 AM 15/08/26

CM मोहन यादव परेड निरीक्षण के लिए हुए अग्रसर

तिरंगा फहराने और सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाल परेड ग्राउंड में परेड निरीक्षण के लिए अग्रसर हुए। इस दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों की टुकड़ियां पूरी अनुशासन और जोश के साथ मार्च पास्ट के लिए तैयार रहीं। मुख्यमंत्री ने जवानों का निरीक्षण करते हुए उनके अनुशासन और समर्पण का सम्मान किया।

09:06 AM 15/08/26

CM मोहन यादव ने फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराते ही पूरे मैदान में देशभक्ति का माहौल बन गया। इसके बाद पुलिस की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। पुलिस बैंड की देशभक्ति से भरी धुनों और जवानों की कदमताल ने समारोह का उत्साह और बढ़ा दिया।

09:03 AM 15/08/26

लाल परेड पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंच गए हैं। यहां मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और समारोह में शामिल होकर परेड की सलामी लेंगे। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

09:00 AM 15/08/26

लाल परेड ग्राउंड पर मार्च पास्ट के लिए टुकड़ियां तैयार

भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने वाली विभिन्न टुकड़ियां मार्च पास्ट के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जवानों की शानदार कदमताल और अनुशासन के साथ होने वाला मार्च पास्ट समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा। पुलिस बैंड की देशभक्ति से भरी धुनों के बीच मैदान में तिरंगे को सलामी दी जाएगी।

08:50 AM 15/08/26

कलेक्टर शिवम वर्मा ने फहराया तिरंगा

वहीं, इंदौर कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शिवम वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद सभी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और शहीदों को नमन किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए और लोगों ने उत्साह के साथ आजादी का पर्व मनाया।

 

08:48 AM 15/08/26

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नगर निगम कार्यालय में किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इंदौर में भी देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। इंदौर नगर निगम कार्यालय में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया।

08:40 AM 15/08/26

BJP प्रदेश कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण

भोपाल स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मिलकर तिरंगा फहराया। इस दौरान पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता और प्रगति का संकल्प लिया।

08:20 AM 15/08/26

CM डॉ. मोहन यादव ने आवास पर फहराया तिरंगा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित अपने आधिकारिक आवास पर तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने लंबे संघर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद आजादी हासिल की है। उन्होंने कहा कि आज भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए मिलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Twitter Post
Twitter Post

 

08:00 AM 15/08/26

चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए राजधानी भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। शहर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसके साथ ही होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। शहर के बाहरी इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ाते हुए वाहनों की जांच की जा रही है। जिला पुलिस बल के साथ स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) के जवानों की भी तैनाती की गई है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए पुलिस राजधानी के प्रमुख स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके और 15 अगस्त का कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।

देश आज अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे देश में देशभक्ति का माहौल है। मध्य प्रदेश में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। राजधानी भोपाल से लेकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों तक तिरंगे से सजावट की गई है। सरकारी और निजी संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस खास मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक वीडियो संदेश जारी कर प्रदेशवासियों को आजादी के इस पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व को याद करते हुए देश और प्रदेश के विकास में सभी की भागीदारी की बात कही।

मुख्यमंत्री ने वीडियो संदेश जारी कर दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेश की जनता के नाम वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को 15 अगस्त की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और महान लोगों के बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष की वजह से देश को आजादी मिली। मुख्यमंत्री के संदेश के बाद प्रदेशभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर भी स्वतंत्रता दिवस से जुड़े संदेश, तिरंगे की तस्वीरें और देशभक्ति से जुड़े पोस्ट लगातार साझा किए जा रहे हैं।

Twitter Post

लाल परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम

राजधानी भोपाल में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राज्य स्तरीय समारोह लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से खास तैयारियां की गई। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बैठने, परेड और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 अगस्त की सुबह लाल परेड ग्राउंड पहुंचे। यहां वे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद भव्य परेड का आयोजन होगा, जिसमें पुलिस बल और अन्य टुकड़ियां शामिल। लाल परेड ग्राउंड में होने वाला यह समारोह हर साल स्वतंत्रता दिवस के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहता है। यहां बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी, विद्यार्थी और आम लोग समारोह में शामिल होते हैं।

ध्वजारोहण के बाद हुई भव्य परेड

राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण के बाद परेड का आयोजन किया । परेड में अलग-अलग सुरक्षा और पुलिस बलों की टुकड़ियां अनुशासन और देशभक्ति के जज्बे के साथ मार्च पास्ट किया। मुख्यमंत्री परेड की सलामी ली। समारोह के दौरान देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश की उपलब्धियों और विकास कार्यों को भी सामने रखा। समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई।

PU Special : पहले अनुशासन और परंपराएं थीं, अब युवा पीढ़ी चाहती है अपनी बात कहने की आजादी

प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी मंत्री फहराया तिरंगा

भोपाल के अलावा मध्य प्रदेश के सभी जिलों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया। प्रदेश सरकार के मंत्री अलग-अलग जिलों में पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके साथ ही जिला मुख्यालयों पर भी परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों और अन्य संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। विद्यार्थी देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना।

तिरंगे से सजा भोपाल

स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी भोपाल का नजारा भी बदला हुआ है। शहर के कई प्रमुख स्थानों को तिरंगे और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। सरकारी भवनों और प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति से जुड़ी सजावट देखने को मिल रही है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे के रंगों की सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है। रात के समय कई प्रमुख इमारतें रोशनी से जगमगा रही हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भोपाल में देशभक्ति का माहौल साफ नजर आ रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी सख्त

स्वतंत्रता दिवस जैसे बड़े राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। प्रमुख स्थानों, कार्यक्रम स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। लाल परेड ग्राउंड में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम को देखते हुए भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में आने वाले लोगों और वाहनों की आवाजाही को लेकर भी प्रशासन की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।

Independence Day 2024 : स्वतंत्रता दिवस पर भारत को दुनियाभर के नेताओं ने दी बधाई, जानें- किसने क्या कहा

देशभक्ति के रंग में रंगा मध्य प्रदेश

15 अगस्त सिर्फ एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम और लाखों लोगों के बलिदान को याद करने का दिन भी है। इस दिन देशभर में लोग उन स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मध्य प्रदेश में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में खास उत्साह है। बच्चे तिरंगा लेकर कार्यक्रमों में शामिल होंगे, युवा देशभक्ति के संदेश सोशल मीडिया पर साझा करेंगे और अलग-अलग जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

आजादी के साथ जिम्मेदारियों को याद करने का दिन

स्वतंत्रता दिवस हमें सिर्फ आजादी की खुशी नहीं देता, बल्कि देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों की याद भी दिलाता है। आजादी के 80 साल पूरे होने के इस मौके पर देश विकास के नए लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश में भी सरकार की ओर से विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, परिवहन और अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कामों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस का यह अवसर प्रदेश के विकास और भविष्य की दिशा पर सोचने का भी मौका है।

सुबह से शुरू होंगे स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम

15 अगस्त की सुबह से ही प्रदेशभर में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। स्कूलों और सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भोपाल में मुख्य कार्यक्रम लाल परेड ग्राउंड में होगा, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मंत्री और जनप्रतिनिधि स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे।

पूरे प्रदेश में दिखेगा आजादी का उत्साह

मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राजधानी भोपाल से लेकर छोटे शहरों और गांवों तक आजादी का पर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। हर जगह तिरंगा शान से लहराएगा और देशभक्ति के गीत सुनाई देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वीडियो संदेश के साथ प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गई हैं। अब 15 अगस्त को लाल परेड ग्राउंड में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह पर सभी की नजर रहेगी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts