Independence Day 2024 : स्वतंत्रता दिवस पर भारत को दुनियाभर के नेताओं ने दी बधाई, जानें- किसने क्या कहा

15 अगस्त को देश अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम से मना रहा है। इस अवसर पर दुनिया के नेताओं ने भी भारत को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ल्ड लीडर्स को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देने के लिए धन्यवाद दिया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी सहित कई देशों के नेताओं ने भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है।
भारत में हुआ स्वागत याद है : मैक्रों
फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने एक्स पर लिखा, “उन्हें जनवरी में अपनी भारत यात्रा के दौरान गर्मजोशी से हुआ स्वागत याद है और वह “अपनी रणनीतिक साझेदारी के लिए निर्धारित महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए अपने मित्र नरेंद्र मोदी के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।”
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने दी बधाई
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने एक बयान में कहा, “हम भारत के साथ विशेष रणनीतिक साझेदारी के तहत संबंधों को बहुत महत्व देते हैं। मुझे विश्वास है कि मॉस्को में हमारी हालिया वार्ता के बाद हुए समझौतों का लगातार कार्यान्वयन बहुमुखी रूसी-भारत सहयोग को बढ़ाने में सहयोग देगा।”अमेरिकी विदेश मंत्री ने दी बधाई
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध तेजी से मजबूत हो रहे हैं। ब्लिंकन ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा, ‘‘ इस अहम दिन (भारत का स्वतंत्रता दिवस) पर हम भारत के लोगों के समृद्ध और विविध इतिहास तथा अमेरिका-भारत संबंधों के उज्ज्वल भविष्य का जश्न मनाते हैं।''इटली की पीएम मेलोनी ने कही ये बात
इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी संग फोटो शेयर करते हुए लिखा, "78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैं भारतीय लोगों और विशेष रूप से इस पेज को फ़ॉलो करने वाले कई भारतीयों के प्रति अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त करना चाहती हूं। इटली और भारत के बीच एक मजबूत रिश्ता है और मुझे यकीन है कि हम साथ मिलकर अच्छे परिणाम हासिल करेंगे। हमारा रणनीतिक सहयोग भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।"













