Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Independence Day 2024 : भोपाल में स्‍वतंत्रता दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल, पुलिस बैंड सहित 17 टुकड़ियों ने लिया भाग

- लाल परेड ग्राउंड पर DGP सुधीर सक्‍सेना की मौजूदगी में हुई फाइनल रिहर्सल
Follow on Google News
Independence Day 2024 : भोपाल में स्‍वतंत्रता दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल, पुलिस बैंड सहित 17 टुकड़ियों ने लिया भाग
भोपाल। स्वतंत्रता दिवस की 77वीं वर्षगांठ हर्षोल्‍लास एवं धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्‍वतंत्रता दिवस का मुख्‍य समारोह मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्‍य आतिथ्‍य में 15 अगस्‍त को लाल परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। वहीं मंगलवार को लाल परेड ग्राउंड में पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्‍सेना की मौजूदगी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस परेड एवं फाइनल रिहर्सल हुई।

रिहर्सल में ध्वजारोहण कर किया संदेश वाचन

फुल ड्रेस परेड के फाइनल अभ्यास के दौरान 7वीं बटालियन के सहायक उप निरीक्षक हीरा लाल यादव ने प्र‍तीक स्‍वरूप मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और ध्वजारोहण, राष्‍ट्रीय धुन एवं परेड द्वारा सलामी के बाद परेड का निरीक्षण कर संदेश का वाचन किया। इसके बाद परेड का विसर्जन कर कार्यक्रम संपन्‍न हुआ।

पुलिस बैंड सहित 17 टुकड़ियों ने लिया भाग

फाइनल रिहर्सल परेड का नेतृत्‍व भारतीय पु‍लिस सेवा के सहायक पुलिस आयुक्‍त भोपाल मयूर खंडेलवाल ने किया। सहायक परेड कमांडर की भूमिका सहायक सेनानी हॉकफोर्स बालाघाट सोनू कुर्मी ने निभाई। संयुक्‍त अभ्‍यास परेड में पुलिस बैण्‍ड सहित कुल 17 टुकड़ियों ने भाग लिया। इनमें उत्‍तर प्रदेश पुलिस बल, विशेष सशस्‍त्र बल (उत्‍तरी जोन), महिलाओं का विशेष सशस्‍त्र बल, जिला बल एवं रेल की संयुक्‍त टुकड़ी, विशेष सशस्‍त्र बल (दक्षिणी जोन), हॉकफोर्स, एसटीएफ, जिला पुलिस बल, जेल विभाग (महिला), शासकीय रेल पुलिस, नगर सेना (होमगार्ड), एनसीसी सीनियर डिविजन/एयर विंग/नेवल विंग(बॉयज संयुक्‍त टुकड़ी), एनसीसी सीनियर विंग/एयर विंग/नेवल विंग (गर्ल्‍स संयुक्‍त टुकड़ी), गाइड गर्ल्‍स, स्‍काउट्स बॉयज, शौर्य दल, पुलिस बैंड तथा अश्‍वारोही दल शामिल है।

DGP सहित अन्य अधिकारियों ने लिया जायजा

स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्‍सेना, अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक साजिद फरीद शापू, पुलिस आयुक्त भोपाल हरिनारायणचारी मिश्रा, डिप्टी कमिश्नर भोपाल किरण गुप्ता एवं नगर निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायण सहित अन्य अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पदक अलंकरण की रिहर्सल

प्रतीक स्‍वरूप संदेश वाचन के बाद राष्ट्रपति पदक प्राप्त 69 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी मुख्य अतिथि से पदक अलंकरण प्राप्त करने का अभ्यास किया। अंत में परेड कमाण्डर और परेड में शामिल सभी दलों के प्लाटून कमाण्डरों ने मुख्य अतिथि को अपना परिचय देने का अभ्यास भी किया। रिहर्सल के दौरान स्टेडियम में नागरिकों के आने-जाने व सुरक्षा व्यवस्था सहित स्टेडियम के यातायात, पार्किंग एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं की भी बारीकी से जांच की गई। इस अवसर पर पु‍लिस मुख्‍यालय के वरिष्‍ठ अधिकारियों सहित जिला प्रशासन व भोपाल पुलिस के वरिष्‍ठ अधिकारी मौजूद थे। ये भी पढ़ें- VIDEO : खेलते-खेलते कुएं में गिरी 10 माह की बच्ची, मां ने भी लगा दी छलांग; दोनों की डूबने से मौत
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts