भारत बनाम जिम्बाब्वे के बीच पहला टी-20 आज :श्रेयस को पहली जीत का इंतजार, वैभव ने यही बनाए थे 175 रन

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। इस सीरीज में टीम इंडिया की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है। इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम जीत की राह पर लौटना चाहेगी। वहीं, मेजबान जिम्बाब्वे अपनी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर भारत को चुनौती देने की कोशिश करेगा।
श्रेयस की कप्तानी में निराशाजनक शुरुआत
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया अब तक एक भी टी-20 मुकाबला नहीं जीत सकी है। इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर भारत ने सात में से छह मैच गंवाए, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से बेनतीजा रहा। ऐसे में इस सीरीज में भारतीय टीम पर जीत का दबाव रहेगा।
हरारे में जमकर गरजता है वैभव का बल्ला
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ 42 रन बनाए। हालांकि हरारे का मैदान उनके लिए खास रहा है। अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में उन्होंने इसी मैदान पर 80 गेंदों में शानदार 175 रन की यादगार पारी खेली थी। ऐसे में इस मुकाबले में भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन का पारी इसी मैदान पर खेली थी
यह भी पढ़ें: 16 साल का इंतजार खत्म! भारत लौटने की तैयारी में IPL के संस्थापक ललित मोदी, FEMA केस में मिली राहत के बाद फैसला
हेड- टू- हेड रिकॉर्ड पर एक नजर
भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 14 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 11 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे को तीन मुकाबलों में सफलता मिली है। आखिरी बार जुलाई 2024 में हरारे में जिम्बाब्वे ने भारत को तीन रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। वहीं दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत इसी साल टी-20 विश्व कप में हुई थी, जहां भारत ने 72 रन से जीत दर्ज की थी।
किससे ओपनिंग कराएगी भारतीय टीम
भारतीय बल्लेबाजी की अगुवाई ईशान किशन करेंगे। उन्होंने इस साल 20 टी-20 मैचों में 667 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 182.73 रहा है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन है। उनके अलावा अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी से भी तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में शिवम दुबे इस साल 13 विकेट लेकर सबसे सफल भारतीय गेंदबाज रहे हैं, जबकि युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव पर भी नजरें रहेंगी।
यह भी पढ़ें: उनकी एक सोच ने बढ़ाया मनोबल... एक मैसेज पर मिले भी...पीवी सिंधू ने विराट कोहली को दिया जीत का श्रेय
जिम्बाब्वे को मुजरबानी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
जिम्बाब्वे की ताकत उसका तेज गेंदबाजी आक्रमण है। ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा और ब्रैड इवांस की तिकड़ी भारत के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है। मुजरबानी ने इस साल नौ मैचों में 17 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। बल्लेबाजी में ब्रायन बेनेट सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने नौ मैचों में 394 रन बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 97 रन है।
कैसी है पिच रिपोर्ट
हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, लेकिन नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग और उछाल मिल सकता है। इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है और तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे पूरे 20-20 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे/रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा/मयंक यादव, यश ठाकुर, प्रिंस यादव।
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, वेस्ली मधेवेरे, तादिवानाशे मारुमानी/तफद्जवा त्सिगा (विकेटकीपर), डिओन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, मिल्टन शुम्बा, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी।











