16 साल का इंतजार खत्म!भारत लौटने की तैयारी में IPL के संस्थापक ललित मोदी, FEMA केस में मिली राहत के बाद फैसला

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने करीब 16 साल बाद भारत लौटने की घोषणा की है। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े 2009 IPL दक्षिण अफ्रीका मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण से बड़ी राहत मिलने के बाद उन्होंने कहा कि अब उनके खिलाफ चला लंबा कानूनी संघर्ष खत्म हो गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत तक भारत लौट सकते हैं।
16 साल तक सच के लिए लड़ता रहा
ललित मोदी ने फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने पिछले 16 वर्षों तक अपनी बात पर कायम रहकर कानूनी लड़ाई लड़ी। उनका कहना है कि अब न्यायाधिकरण के फैसले ने साबित कर दिया है कि वह जो कहते रहे वही सच था। उन्होंने कहा कि IPL की भलाई हमेशा उनकी प्राथमिकता रही और अब वह अपने जीवन का नया अध्याय शुरू करना चाहते हैं।
पोते के जन्म के बाद भारत आने की योजना
ललित मोदी ने बताया कि उनकी बेटी अक्टूबर में बेटे को जन्म देने वाली हैं। परिवार के इस महत्वपूर्ण अवसर के बाद वह भारत लौटने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक रहा तो वह वर्ष के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत आ जाएंगे।
FEMA मामले में मिली बड़ी राहत
SAFEMA के तहत गठित अपीलीय न्यायाधिकरण ने 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित IPL से जुड़े FEMA मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकांश निष्कर्षों और दंडात्मक कार्रवाई को निरस्त कर दिया। न्यायाधिकरण ने माना कि उपलब्ध रिकॉर्ड से यह साबित नहीं होता कि कथित FEMA उल्लंघनों के लिए ललित मोदी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार थे। यह फैसला 16 जुलाई को सुनाया गया।
क्या था पूरा मामला?
साल 2009 में आम चुनावों के कारण IPL का आयोजन भारत की बजाय दक्षिण अफ्रीका में कराया गया था। इसके बाद ED ने आरोप लगाया था कि टूर्नामेंट के आयोजन के लिए विदेश भेजी गई रकम के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की पूर्व अनुमति आवश्यक थी। इसी आधार पर FEMA के तहत जांच और कार्रवाई शुरू की गई थी।
ED के दावों को न्यायाधिकरण ने खारिज किया
ललित मोदी ने कहा कि न्यायाधिकरण ने ED के उस मुख्य आधार को ही खारिज कर दिया, जिस पर पूरा मामला खड़ा किया गया था। फैसले में कहा गया कि IPL 2009 से जुड़े विदेशी भुगतान करंट अकाउंट ट्रांजैक्शन थे, न कि कैपिटल अकाउंट ट्रांजैक्शन। इसलिए पूर्व में लगाए गए कई आरोप टिक नहीं पाए।
ये भी पढ़ें: IPL 2009 से जुड़े FEMA मामले में ललित मोदी को बड़ी राहत : अपीलेट ट्रिब्यूनल ने ED का जुर्माना रद्द किया
2010 से भारत से बाहर रह रहे हैं ललित मोदी
ललित मोदी वर्ष 2010 से भारत से बाहर रह रहे हैं। उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED), BCCI और आयकर विभाग की ओर से कई मामलों की जांच शुरू की गई थी। अब ताजा कानूनी राहत के बाद उन्होंने भारत लौटने की इच्छा जताई है, जिससे उनकी वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।












