PlayBreaking News

निगम कर्मचारी बना 'रियल हीरो'चलती सीपीआर देते हुए पहुंचाया अस्पतल

ड्यूटी के दौरान कचरा संग्रहण वाहन चला रहे चालक को आया हार्ट अटैक, गौपुर चौराहे से अस्पताल तक साथी कर्मचारी देता रहा CPR; डॉक्टर बोले- समय पर मिली मदद से बची जान
Follow on Google News
चलती सीपीआर देते हुए पहुंचाया अस्पतल
गाड़ी में सीपीआर देते हुए अस्पताल पहुंचाया

इंदौर। नगर निगम की कचरा संग्रहण गाड़ी में शुक्रवार को इंसानियत, हिम्मत और सूझबूझ की ऐसी मिसाल देखने को मिली, जिसने एक कर्मचारी की जिंदगी बचा ली। ड्यूटी के दौरान गाड़ी चला रहे चालक संजय हिरवे को अचानक हार्ट अटैक आ गया। कुछ ही क्षणों में उनकी हालत गंभीर हो गई और वे वाहन में ही बेसुध हो गए। लेकिन साथ मौजूद निगम कर्मचारी आरिश भुवेल ने घबराने के बजाय साहस दिखाया और तुरंत उन्हें कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) देना शुरू कर दिया। उसकी यही सूझबूझ संजय के लिए जीवनदान साबित हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना गौपुर चौराहे के पास हुई। संजय हिरवे रोज की तरह ड्यूटी पर थे और कचरा संग्रहण वाहन चला रहे थे। अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और कुछ ही देर में वे बेहोश होकर वाहन पर ही लुढ़क गए। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आरिश भुवेल ने बिना समय गंवाए वाहन रुकवाया और तुरंत सीपीआर देना शुरू कर दिया।

 

पहले संजय को नजदीकी क्लीनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद हार्ट अटैक की पुष्टि की और तत्काल बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद नगर निगम की गाड़ी सीधे अस्पताल के लिए रवाना हुई। इस दौरान आरिश पूरे रास्ते लगातार संजय के सीने को दबाकर सीपीआर देता रहा, ताकि उनके शरीर में रक्त संचार और सांस की प्रक्रिया बनी रहे।

 

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने बताया कि हार्ट अटैक के दौरान शुरुआती कुछ मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। यदि मरीज को समय पर सही तरीके से सीपीआर मिल जाए तो उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। चिकित्सकों के अनुसार यदि संजय को रास्ते में सीपीआर नहीं दिया जाता, तो उनकी हालत और गंभीर हो सकती थी।

 

नगर निगम के कर्मचारियों ने आरिश भुवेल की तत्परता और साहस की जमकर सराहना की। सभी का कहना है कि संकट की घड़ी में उसने जिस धैर्य और समझदारी का परिचय दिया, वह दूसरों के लिए भी प्रेरणा है। डॉक्टरों की देखरेख में उपचार के बाद संजय हिरवे की हालत में लगातार सुधार हुआ और शनिवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि हार्ट अटैक के दौरान सही समय पर दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति को नई जिंदगी दे सकता है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts