छतरपुर के स्कूल का VIDEO वायरल, कक्षा में सोती दिखीं शिक्षिका; बच्चे करते रहे इंतजार

छतरपुर। जिले की शासकीय प्राथमिक शाला कदारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में स्कूल समय के दौरान प्राथमिक शिक्षक रेखा मानव कक्षा के अंदर सोती हुई नजर आ रही हैं। वहीं, कक्षा में मौजूद बच्चे पढ़ाई करने के बजाय इधर-उधर बैठे दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह वीडियो 16 सितंबर का है। हालांकि, वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया और उस समय कक्षा में वास्तव में क्या स्थिति थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों और बच्चों के पालकों में नाराजगी बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल में बच्चों की पढ़ाई और देखरेख की जिम्मेदारी शिक्षकों की होती है। ऐसे में स्कूल समय के दौरान शिक्षिका के सोते हुए दिखाई देने की स्थिति की जांच की जानी चाहिए।
स्थानीय निवासी ने अधिकारियों से शिकायत की बात कही
स्थानीय निवासी गोलू महाराज ने मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। उन्होंने मामले की शिकायत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से करने की बात कही है। उन्होंने वीडियो की जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
DEO बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी पीके रैकवार ने कहा कि वीडियो और मामले की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। अब शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीडियो में दिखाई दे रही स्थिति के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और मामले में किसकी जिम्मेदारी तय होती है।



















