PlayBreaking News

भोपाल : जर्जर बिल्डिंग में चल रहा था अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा, घरेलू सिलेंडरों से कारों में भरी जा रही थी गैस, सप्लाई विभाग की टीम ने मारा छापा

Follow on Google News
भोपाल : जर्जर बिल्डिंग में चल रहा था अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा, घरेलू सिलेंडरों से कारों में भरी जा रही थी गैस, सप्लाई विभाग की टीम ने मारा छापा

भोपाल। राजधानी भोपाल के माता मंदिर क्षेत्र में जिला आपूर्ति नियंत्रण विभाग की टीम ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। माता मंदिर के पास रिहायशी इलाके में स्थित एक खंडहरनुमा और जर्जर बिल्डिंग में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से कारों में अवैध रूप से गैस भरने का कार्य किया जा रहा था। सप्लाई टीम के मुताबिक, इस तरह की हरकत किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी।

घरेलू गैस सिलेंडरों से रिफिल हो रहीं थीं कारें

जांच के दौरान टीम को मौके से घरेलू सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मोटर और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग कारों में अवैध तरीके से गैस भरने के लिए किया जा रहा था। इस खतरनाक काम को जर्जर और असुरक्षित इमारत में अंजाम दिया जा रहा था, जहां आसपास दर्जनों घर हैं।

टीम को देख भाग गए आरोपी

सहायक आपूर्ति अधिकारी संदीप भार्गव ने बताया कि जैसे ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची, अवैध काम में लिप्त लोग मौके से फरार हो गए। फिलहाल, बरामद सामग्री जब्त कर ली गई है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

टीम में कई अधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई का नेतृत्व जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन कर रहे थे। उनके साथ संदीप भार्गव (सहायक आपूर्ति अधिकारी), सुनील वर्मा (कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी), वसुंधरा पेंड्रो और टीके जामुलकर की संयुक्त टीम मौजूद थी।

सप्लाई विभाग ने माना है कि अगर समय रहते यह कार्रवाई नहीं होती, तो गैस लीकेज या ब्लास्ट जैसी दुर्घटना हो सकती थी। विभाग की टीम अब अन्य रिहायशी इलाकों में भी ऐसी गतिविधियों पर नजर रखेगी।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts