खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई:काली बिल्लोद में अवैध गैस सिलेंडर कारोबार का भंडाफोड़, 15 सिलेंडर जब्त

बेटमा। इंदौर जिले के खाद्य विभाग ने अवैध रूप से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के क्रय-विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए काली बिल्लोद स्थित कल्याण संपत कॉलोनी में संचालित वीर किराना बर्तन एवं जनरल स्टोर्स पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक महेंद्र सिंह द्वारा बिना वैध अनुमति बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत कारोबार संचालित किया जाना पाया गया।
भंडारण एवं क्रय-विक्रय नियमों के विपरीत मिला
निरीक्षण के दौरान मौके से 15 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद कर जब्त किए गए। जांच में प्रथम दृष्टया सिलेंडरों का भंडारण एवं क्रय-विक्रय नियमों के विपरीत पाया गया जिसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने तत्काल जब्ती की कार्रवाई करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की।
विभाग ने नागरिकों से की अपील
खाद्य विभाग ने दुकान संचालक महेंद्र सिंह के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण एवं अनधिकृत बिक्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जनसुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, रिफिलिंग अथवा बिक्री जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Edited By: Sumit Shrivastava












