मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोहेफिजा पुलिस ने अपहरण और फिरौती के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने पुजारी के अपहरण और मारपीट कर 8 लाख रुपए की फिरौती मांगने के आरोप में कुख्यात बदमाश आकाश उर्फ भूरा को उसकी शादी के दिन गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में गैंग के अन्य सदस्यों को भी पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक पुजारी का अपहरण कर उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई। आरोपियों ने पुजारी से 8 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले ही 50 हजार रुपए की रकम ले चुके थे और बाकी पैसे पांच किस्तों में देने का दबाव बना रहे थे।
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित सीधे कोहेफिजा थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आकाश उर्फ भूरा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गैंग के सरगना आकाश उर्फ भूरा को उसके शादी के दिन ही गिरफ्तार किया। बाद में आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी केवल एक घटना में ही शामिल नहीं थे बल्कि संगठित तरीके से अपहरण, धमकी और फिरौती की वारदातों को अंजाम देते थे।
ये भी पढ़ें: भोपाल : 30-31 मार्च को युवा विधायकों का सम्मेलन, 3 राज्यों के 70 से ज्यादा MLA होंगे शामिल
कोहेफिजा पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग ने अब तक कितने लोगों को अपना निशाना बनाया है और इसमें और कौन-कौन शामिल है। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।