Syria Mosque Blast :होम्स में जुमे की नमाज के वक्त मस्जिद पर आतंकी हमला, 8 की मौत, 20 से ज्यादा घायल

सीरिया के होम्स शहर में अलावी समुदाय की मस्जिद में नमाज के दौरान हुए विस्फोट में 8 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में आतंकी हमला सामने आया है। सीरियाई सरकार ने हमले की कड़ी निंदा की है। सत्ता परिवर्तन के बाद देश में सांप्रदायिक हिंसा बढ़ी है।
होम्स में जुमे की नमाज के वक्त मस्जिद पर आतंकी हमला, 8 की मौत, 20 से ज्यादा घायल
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    सीरिया के होम्स शहर में शुक्रवार को एक मस्जिद में जोरदार विस्फोट हुआ। यह हमला अलावी अल्पसंख्यक समुदाय की मस्जिद में हुआ, जिसमें अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है और 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

    नमाज के दौरान हुआ विस्फोट

    स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह धमाका इमाम अली बिन अबी तालिब मस्जिद के अंदर हुआ। विस्फोट उस समय हुआ जब दोपहर की नमाज चल रही थी, जो आमतौर पर मस्जिद में सबसे ज्यादा भीड़ का समय होता है।

    मस्जिद के अंदर तबाही के दृश्य

    सीरिया की सरकारी एजेंसी ने घटनास्थल की तस्वीरें जारी की हैं। इनमें मस्जिद के अंदर खून से सने कारपेट, दीवारों में छेद और टूटी खिड़कियां साफ नजर आ रही हैं। हर तरफ मलबा फैला हुआ है।

    शुरुआती जांच में आतंकी हमला

    सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि मस्जिद के अंदर विस्फोटक लगाया गया था। घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया है और जांच जारी है।

    मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

    सीरिया के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या आगे बढ़ सकती है।

    हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली

    अब तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं से जांच कर रही हैं।

    सीरियाई सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया

    सीरिया के विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने इसे मानवीय और नैतिक मूल्यों पर कायराना हमला बताया और कहा कि देश आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ा है।

    सत्ता परिवर्तन के बाद बढ़ी हिंसा

    गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद के सत्ता से हटने के बाद सीरिया में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं। अल असद अलावी समुदाय से थे, जबकि अब देश में सुन्नी बहुसंख्यक सरकार है। हाल ही में मध्य सीरिया में हुए एक हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की भी मौत हुई थी।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

    Latest Posts