बारिश का कहर! 18 राज्यों में अलर्ट, नदियां उफनीं, यूपी-बिहार से हिमाचल तक बाढ़ का खतरा

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में सोमवार को बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश में 58 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट है, जबकि 18 जिलों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। बिहार में भी कई इलाकों में तेज बारिश के साथ बाढ़ का संकट बढ़ रहा है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है। मध्य प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी घटा है, लेकिन घरों में जमा कीचड़ ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
18 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मानसून की सक्रियता के कारण देश के बड़े हिस्से में मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास बना कम दबाव का क्षेत्र पूर्वी और मध्य भारत में बारिश बढ़ा सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में तेज हवा, गरज और बिजली गिरने की भी आशंका है।
यूपी में नदियां उफनीं, वाटरफॉल में फंसे पर्यटक
उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। चंदौली में चंद्रप्रभा नदी अचानक उफान पर आ गई। तेज बहाव के कारण राजदारी-देवदारी वाटरफॉल में तीन पर्यटक फंस गए। राहत टीम ने तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर और चंदौली समेत कई इलाकों में मौसम खराब रहने का अनुमान है।
चित्रकूट में पानी घटा लेकिन बिगड़े हालात
मध्य प्रदेश में भारी बारिश के बाद कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी अब कुछ कम हुआ है, लेकिन लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुईं। आसपास के कई घरों में करीब पांच फीट तक कीचड़ भर गया है। घरों की सफाई और जरूरी सामान बचाने में लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु CM विजय के नाम पर इंदौर में साइबर ठगी का खेल!मदद और लोन का झांसा देकर बिछाया साइबर जाल
बिहार में बैराज से छोड़ा पानी, गांवों पर संकट
नेपाल में भारी बारिश के बाद बिहार की नदियों में पानी बढ़ा है। कोसी और गंडक बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। भागलपुर के सबौर में गंगा के कटाव से आठ घर नदी में समा गए। राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। सुपौल में कोसी किनारे करीब छह फीट लंबा मगरमच्छ भी देखा गया।
हिमाचल और उत्तराखंड में फ्लैश फ्लड का खतरा
हिमाचल प्रदेश में मानसून ने फिर जोर पकड़ा है। कांगड़ा में बीती रात भारी बारिश हुई। आज कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। उत्तराखंड में भी लगातार बारिश हो रही है। दस जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। देहरादून, नैनीताल, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में खराब मौसम के चलते 12वीं तक के स्कूल बंद किए गए हैं।
दिल्ली से राजस्थान तक बदला मौसम
दिल्ली में आज बादल छाए रह सकते हैं और अगले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। एक सितंबर को कुछ जगह गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है। राजस्थान में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, लेकिन सितंबर की शुरुआत से पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है। पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में उमस बनी रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एनकाउंटर, पुलिस ने दो संदिग्धों को किया ढेर, मुठभेड़ में 2 पुलिसकर्मी भी घायल
ओडिशा-छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी जारी की है। ओडिशा में 31 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना है, जबकि एक सितंबर को भी कुछ जगह बहुत तेज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में आज अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट है। झारखंड में भी भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा है। लगातार बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने और अचानक बाढ़ आने की आशंका बनी हुई है।



















