हाथरस में JCB की चपेट में आई 11 साल की बच्ची, पेट में घुसा पंजा; मौके पर मौत

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस में नगर पालिका की JCB की चपेट में आने से 11 साल की बच्ची नैना की दर्दनाक मौत हो गई। घटनाकोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के आदर्श नगर जोगीपुरा की है। नगर पालिका की JCB इलाके में मृत गोवंश को दफनाने के लिए पहुंची थी। काम पूरा होने के बाद JCB को पीछे करते समय बच्ची उसकी चपेट में आ गई। आरोप है कि चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
मृत गोवंश को दफनाने पहुंची थी JCB
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5 बजे आदर्श नगर जोगीपुरा में एक गाय की मौत हो गई थी। इसके बाद स्थानीय सभासद के माध्यम से नगर पालिका को इसकी सूचना दी गई और मृत गोवंश को दफनाने के लिए JCB मंगवाई गई। घर के पास खाली जगह में गड्ढा खोदकर गाय को दफनाया गया। इस दौरान आसपास के लोग और बड़ी संख्या में बच्चे भी मौके पर मौजूद थे। बताया गया कि काम पूरा होने के बाद JCB चालक ने वाहन को पीछे किया। इसी दौरान पास खड़ी नैना उसकी चपेट में आ गई।
JCB का पंजा पेट में घुसा, मौके पर मौत
रिपोर्ट के मुताबिक, JCB का लोहे का पंजा बच्ची के पेट में जा घुसा। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। भीड़ ने JCB चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
गाय मालिक इलाज के लिए अलीगढ़ गया था
मृत बच्ची के दादा विष्णु ने बताया कि उनके बेटे बबलू की गाय की मौत हुई थी। उस समय बबलू अपनी बीमार पत्नी का इलाज कराने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज गए हुए थे। परिवार के अन्य लोगों ने स्थानीय सभासद के जरिए नगर पालिका को सूचना देकर गाय को दफनाने के लिए JCB बुलवाई थी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के पिता बबलू अलीगढ़ से घर पहुंचे। बेटी का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
नितिन नवीन का पहला MP दौरा, उज्जैन में 25 लाख दीपों का दीपोत्सव; मोहन भागवत से मुलाकात पर नजर
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, हादसा चालक की लापरवाही के चलते हुआ है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद उसके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों में तनाव की स्थिति को देखते हुए इलाके में एहतियातन पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।
लापरवाही पर उठ रहे सवाल
इस हादसे के बाद नगर पालिका की JCB के संचालन और मौके पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मृत गोवंश को दफनाने के दौरान बड़ी संख्या में बच्चे और ग्रामीण वहां मौजूद थे। ऐसे में वाहन को पीछे करते समय पर्याप्त सावधानी क्यों नहीं बरती गई, यह जांच का विषय है। पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों की तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















