‘जय जय राम’ से गूंजा पूरा माहौल! रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का पहला गाना रिलीज, सिया-राम के विवाह ने जीता दिल

नितेश तिवारी की मोस्टअवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ रहा है। अब फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज कर दिया गया है। गाने के सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। गाने में भगवान राम और माता सीता के रिश्ते, उनके विवाह और भक्ति के भाव को खूबसूरती से दिखाया गया है। फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर, माता सीता के रूप में साई पल्लवी और रावण की भूमिका में यश दिखाई देंगे।
श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने दी आवाज
‘जय जय राम’ को श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। उन्होंने इस गाने को कंपोज करने के साथ-साथ इसे प्रोड्यूस और अरेंज भी किया है। गाने के बोल मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। संगीत, आवाज और शब्दों के इस मेल ने गाने को भक्ति और आध्यात्मिक भाव देने की कोशिश की है।
ऐसे पैसों का क्या करूंगी? साई पल्लवी ने ठुकराया था 2 करोड़ का फेयरनेस क्रीम विज्ञापन, बताई वजह
राम-सीता के विवाह की झलक
‘जय जय राम’ के वीडियो में भगवान राम और माता सीता के दिव्य संबंध को दिखाया गया है। गाने में दोनों के विवाह की भव्य झलक भी देखने को मिलती है। पूरे गाने में भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता को खास जगह दी गई है। गाने में ‘जय जय राम’ का बार-बार इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह किसी मंत्र की तरह महसूस होता है। इसके बोल भगवान राम के प्रति भक्त की आस्था, विश्वास और उनकी शरण में जाने की भावना को सामने रखते हैं। गाने की पंक्ति ‘जगत के अंधियारे, हमको घेरे सारे’ मुश्किल समय में रोशनी और उम्मीद तलाशने की भावना को दिखाती है।
पारंपरिक श्लोक का भी इस्तेमाल
गाने में ‘अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम’ जैसे पारंपरिक श्लोक का भी इस्तेमाल किया गया है। इससे फिल्म की धार्मिक और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को आधुनिक संगीत के साथ जोड़ने की कोशिश दिखाई देती है। फिल्म के संगीत पर ए.आर. रहमान के साथ हॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक कंपोजर हंस जिमर भी काम कर रहे हैं। ऐसे में फिल्म के संगीत को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है।
रणबीर कपूर बने भगवान राम
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में साउथ के सुपरस्टार यश रावण का किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा सनी देओल हनुमान की भूमिका में दिखाई देंगे, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ब्रह्म मुहूर्त में जारी हुआ था ट्रेलर
इससे पहले फिल्म के पहले भाग का ट्रेलर 30 जुलाई को सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त के दौरान रिलीज किया गया था। ट्रेलर को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाओं में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया था। अब ‘जय जय राम’ के रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। भव्य कलाकारों, धार्मिक कहानी और बड़े स्तर के संगीत के कारण ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक माना जा रहा है।



















