दुर्गा पूजा से पहले BJP में जाएंगे 17 NCPI सांसद? बसुनिया के दावे से बंगाल में हलचल

ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल हुए सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने एबीपी न्यूज से बातचीत में कहा कि दुर्गा पूजा से पहले NCPI के 20 में से 17 सांसद बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि इन 17 सांसदों में तीन अल्पसंख्यक सांसद शामिल नहीं होंगे।
तीन अल्पसंख्यक सांसद BJP में नहीं जाएंगे?
बसुनिया के मुताबिक, सांसद अबू ताहिर और खलीलुर रहमान को अलग-अलग विभाग दिए जाएंगे और वे NDA का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि इन सांसदों के लोकसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक मतदाता हैं। ऐसे में उनके लिए सीधे बीजेपी में शामिल होना मुश्किल हो सकता है और उन्हें राजनीतिक तौर पर कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। बसुनिया ने दावा किया कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो NCPI के 20 में से 17 सांसद दुर्गा पूजा से पहले बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
'बीजेपी ने ही हमें NCP में शामिल कराया था'
जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने दावा किया कि बीजेपी ने ही उन्हें और अन्य सांसदों को NCP में शामिल कराया था। उन्होंने कहा कि हालांकि उनकी इच्छा बीजेपी में शामिल होने की थी। उनके मुताबिक, अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो बड़ी संख्या में NCPI सांसद जल्द बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, यह फिलहाल बसुनिया का दावा है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बसुनिया के घर के बाहर हुआ विरोध
कूचबिहार से सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया रविवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अपने घर लौटे। उनके वापस आने की खबर के बाद सिताई में राजनीतिक तनाव बढ़ गया। इसके बाद सिताई बस स्टैंड इलाके में स्थित TMC कार्यालय में कथित तौर पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटना हुई। वहीं, स्थानीय लोगों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने सांसद के घर के सामने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
सांसद पर भ्रष्टाचार के आरोप
प्रदर्शनकारियों ने जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया पर पिछले 15 साल में राजनीतिक प्रभाव का कथित तौर पर दुरुपयोग कर संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए। उन पर राइस मिल समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान खड़े करने के भी आरोप लगाए गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने TMC छोड़कर NCPI में जाने को लेकर भी सांसद को निशाना बनाया।
'BJP में स्वीकार नहीं किया जाएगा'
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बसुनिया पहले फॉरवर्ड ब्लॉक में थे, फिर TMC में शामिल हुए और अब बीजेपी में जाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें या उनके समर्थकों को बीजेपी में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सिताई में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।




















