Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नितिन नबीन का पहला MP दौरा, उज्जैन में 25 लाख दीपों का दीपोत्सव; मोहन भागवत से मुलाकात पर नजर

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश के दौरे पर आ सकते हैं। उज्जैन में 25 लाख दीपों के दीपोत्सव में उनके शामिल होने की संभावना है। इसी दौरान RSS प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की चर्चा है। 19 सितंबर को राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम से पहले BJP भी युवाओं के बीच बड़े आयोजन की तैयारी में है।
नितिन नबीन का पहला MP दौरा, उज्जैन में 25 लाख दीपों का दीपोत्सव; मोहन भागवत से मुलाकात पर नजर

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश के दौरे पर आ सकते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला मध्य प्रदेश दौरा होगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक वे उज्जैन में 25 लाख दीप प्रज्वलित करने के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। नितिन नबीन के दौरे के दौरान RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से उनकी मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही है। वहीं, 19 सितंबर को इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले भाजपा इंदौर में युवाओं को जोड़ने के लिए बड़े आयोजन की तैयारी कर रही है।

तीन बड़े कार्यक्रमों पर फोकस

नितिन नबीन के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर प्रदेश संगठन और सरकार स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। पार्टी ने उनके दौरे के लिए तीन प्रमुख कार्यक्रमों का प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। इनमें इंदौर, मंदसौर और उज्जैन शामिल हैं। हालांकि, दौरे का अंतिम कार्यक्रम अभी तय होना बाकी है।

1. इंदौर से शुरू हो सकती है स्वामित्व योजना

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नबीन इंदौर से ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय भूमि की फ्री रजिस्ट्री से जुड़ी स्वामित्व योजना की शुरुआत कर सकते हैं। इस योजना के जरिए ग्रामीण आबादी को उनकी आवासीय भूमि का स्वामित्व अधिकार देने की दिशा में काम किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में करीब 50 लाख लोगों को फ्री रजिस्ट्री की सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के हाथों योजना की शुरुआत कराने का प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है।

2. मंदसौर में चीतों को छोड़ने का प्रस्ताव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा सेवा संकल्प अभियान शुरू करने की तैयारी में है। इसी अभियान के तहत मंदसौर के गांधी सागर अभयारण्य में चीतों को छोड़े जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में नितिन नबीन के शामिल होने की संभावना है। मंदसौर का कार्यक्रम भी केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए प्रस्ताव में शामिल है। हालांकि, कार्यक्रम और समय को लेकर अंतिम फैसला अभी बाकी है।

3. उज्जैन में 25 लाख दीपों का दीपोत्सव

उज्जैन में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान के तहत भव्य दीपोत्सव की तैयारी है। क्षिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में करीब 25 लाख दीप जलाने की योजना है। आयोजन के जरिए जनभागीदारी, जनसेवा, सुशासन और जनकल्याण का संदेश देने की तैयारी है। नितिन नबीन के इस दीपोत्सव में शामिल होने की संभावना है।

उज्जैन में दो दिन रहेंगे मोहन भागवत

इसी बीच RSS के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 17 और 18 सितंबर को उज्जैन में रहेंगे। उनका यह दौरा मालवा प्रांत में संघ की संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, डॉ. भागवत 17 सितंबर की दोपहर उज्जैन पहुंचेंगे। शाम को वे महाकाल परिसर के पास अरविंद नगर में उज्जैन महानगर के स्वयंसेवकों को संबोधित कर सकते हैं। कार्यक्रम में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। दो दिवसीय प्रवास के दौरान संगठन के विस्तार, गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

Breaking News

18 सितंबर को युवा धर्म संसद में संबोधन

डॉ. मोहन भागवत 18 सितंबर को देवास रोड स्थित गीता भवन में ‘युवा धर्म संसद’ में शामिल होंगे। सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उनका सुबह 11 बजे युवाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। यहां राष्ट्र, समाज, संस्कृति और युवाओं की सामाजिक भूमिका जैसे विषयों पर संवाद होने की संभावना है। उनके संघ कार्यालय ‘आराधना भवन’ जाने की भी चर्चा है।

भागवत और नितिन नबीन की मुलाकात पर नजर

नितिन नबीन के उज्जैन दौरे के दौरान डॉ. मोहन भागवत से उनकी मुलाकात की संभावना को लेकर भी चर्चा है। हालांकि, अभी दोनों नेताओं की मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक कार्यक्रम सामने नहीं आया है। नितिन नबीन के 17 सितंबर की शाम उज्जैन के दीपोत्सव में शामिल होने की संभावना है। वे डॉ. भागवत के किसी कार्यक्रम में शामिल होंगे या 18 सितंबर की ‘युवा धर्म संसद’ में मौजूद रहेंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी का कार्यक्रम

19 सितंबर को इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम के लिए IDA की ओर से जमीन की अनुमति मिल चुकी है, जबकि पुलिस की अंतिम अनुमति का इंतजार है। अनुमति मिलने के बाद सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज होने की उम्मीद है। कांग्रेस इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी कर रही है। ऐसे में प्रशासन के सामने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन बड़ी चुनौती हो सकती है।

राहुल के कार्यक्रम से पहले BJP का बड़ा प्लान

राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले भाजपा भी इंदौर में बड़ा आयोजन करने की तैयारी कर रही है। पार्टी ऐसा स्थान तलाश रही है, जहां बड़ी संख्या में युवाओं और कार्यकर्ताओं को जुटाकर राजनीतिक ताकत का संदेश दिया जा सके। इसके लिए नेहरू स्टेडियम, बायपास और सुपर कॉरिडोर समेत कई स्थानों पर मंथन चल रहा है। बारिश की संभावना को देखते हुए खुले मैदान के साथ हाईटेक डोम या कवर्ड वेन्यू के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है। कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन स्थल को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से भी मार्गदर्शन लिया जा रहा है। भाजपा की कोशिश है कि राहुल गांधी के 19 सितंबर के कार्यक्रम से पहले इंदौर में बड़ा आयोजन कर युवाओं के बीच अपनी मौजूदगी और राजनीतिक ताकत का संदेश दिया जाए।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts