हरसूद में नम आंखों से गणपति को विदाई, ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से गूंजा शहर
हरसूद। अनंत चतुर्दशी के मौके पर हरसूद में गणपति विसर्जन को लेकर भक्तों में खास उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही अलग-अलग इलाकों से श्रद्धालु गणेश प्रतिमाएं लेकर विसर्जन स्थल पहुंचे। जैसे-जैसे प्रतिमाएं विसर्जित होती गईं, माहौल भक्ति के साथ भावुक भी होता गया। भक्तों ने भगवान गणेश से अगले साल फिर जल्दी आने की प्रार्थना की और नम आंखों से विदाई दी। नगर के पास घोड़ापछाड़ नदी पर नगर परिषद की ओर से बनाए गए विसर्जन कुंड में प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने पहले से कई इंतजाम किए थे।
जयकारों से गूंजता रहा हरसूद
गणेश विसर्जन के दौरान पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ गणपति प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थल तक पहुंचे। इस दौरान हर तरफ ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे सुनाई देते रहे।
घोड़ापछाड़ नदी पर बनाए कुंड में विसर्जन
श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने घोड़ापछाड़ नदी के पास गणेश प्रतिमा विसर्जन कुंड तैयार किया था। इसी कुंड में भक्तों ने विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
भोपाल का मास्टर प्लान बदलने से नहीं बदलेगा जमीन का उपयोग, कारोबारियों को फिलहाल राहत नहीं
शहर में बनाए गए प्रतिमा एकत्रीकरण केंद्र
विसर्जन स्थल तक लोगों को आसानी से पहुंचाने के लिए नगर परिषद ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं के एकत्रीकरण की व्यवस्था की थी। महाराणा प्रताप चौक, फीलगुड चौराहा, भैरव चौक, भगवान परशुराम चौराहा और थाना चौराहा समेत कई जगहों पर प्रतिमाएं एकत्र की गईं।
21 साल बाद फिर सड़कों पर दौड़ीं सरकारी बसें, 2029 तक 75% ग्राम पंचायतों को जोड़ने का लक्ष्य
प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विसर्जन कुंड के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई थी। तहसीलदार संगीता मेहतो ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा के लिए नगर परिषद, पुलिस, वन विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी तैनात रहे।
EDIT BY: ADITI RAWAT






















