प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी प्रज्ज्वल चौरसिया ने संभाला सोहागपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी का दायित्व

सोहागपुर। मुख्य वन संरक्षक, वनवृत्त नर्मदापुरम के आदेशानुसार प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी प्रज्ज्वल चौरसिया ने वन परिक्षेत्र सोहागपुर के परिक्षेत्र अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। वर्तमान परिक्षेत्र अधिकारी हेमन्त शर्मा, वनक्षेत्रपाल का स्थानांतरण कार्य आयोजना इकाई सिवनी किया गया है। उनके स्थान पर प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी प्रज्ज्वल चौरसिया को सोहागपुर वन परिक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमन्त शर्मा को सोहागपुर वन परिक्षेत्र से तत्काल भारमुक्त नहीं किया गया है। मुख्य वन संरक्षक के आदेश के तहत उन्हें वन परिक्षेत्र सोहागपुर में चल रहे वानिकी कार्यों के लिए विशेष कर्तव्य पर रखा गया है। इस दौरान वे क्षेत्र में संचालित वानिकी कार्यों की देखरेख एवं आवश्यक दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई से बनाई पहचान
वनक्षेत्रपाल हेमन्त शर्मा ने सोहागपुर वन परिक्षेत्र में अपने कार्यकाल के दौरान अवैध शिकार, अवैध कटाई और अवैध उत्खनन सहित अन्य वन अपराधों के मामलों में कार्रवाई की। इसके अलावा फर्नीचर मार्ट एवं आरामशीनों की गतिविधियों पर भी वन विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। इन कार्यवाहियों के चलते वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास किए गए।
ये भी पढ़ें: भिंड-गणपति विसर्जन के वक्त मातम; क्वारी नदी में तीन युवक डूबे, कनावर में पुल के नीचे हु़आ हादसा
पांच माह के प्रशिक्षण में संभालेंगे जिम्मेदारी
प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी प्रज्ज्वल चौरसिया वर्ष 2024-25 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारी हैं। अपने ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण के तहत वे आगामी लगभग पांच माह तक वन परिक्षेत्र अधिकारी सोहागपुर के दायित्व का निर्वहन करेंगे। इस अवधि में वे वन प्रबंधन, वानिकी कार्यों, वन अपराध नियंत्रण तथा क्षेत्रीय प्रशासन से जुड़े कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।




















