8 मार्च पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं की उपलब्धियों, संघर्ष और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए समर्पित होता है। खेल, राजनीति, विज्ञान या समाज हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
भारतीय खेल जगत में भी कई महिला खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। उन्हीं में से एक हैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर। उनके लिए 8 मार्च का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि इसी दिन उनका जन्मदिन भी होता है।
इस साल हरमनप्रीत 37 साल की हो रही हैं। उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से भारतीय महिला क्रिकेट को नई पहचान दी है और आज कई युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।

हरमनप्रीत कौर के करियर में कई शानदार पारियां रही हैं, लेकिन 2017 महिला विश्व कप सेमीफाइनल में खेली गई उनकी पारी आज भी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे खास मानी जाती है।
यह मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया था, जो उस समय की डिफेंडिंग चैंपियन टीम थी। मैच के दौरान भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने सिर्फ 35 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे।
ऐसे मुश्किल समय में हरमनप्रीत कौर क्रीज पर आईं। शुरुआत में उन्होंने संयम से बल्लेबाजी की, लेकिन कुछ ही देर बाद उनका आक्रामक अंदाज देखने को मिला। उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और चौकों-छक्कों की बरसात कर दी।
हरमनप्रीत ने उस मैच में 171 रन नाबाद बनाए। उनकी इस पारी की मदद से भारतीय टीम ने 281 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। खास बात यह थी कि टीम के कुल स्कोर में 171 रन अकेले हरमनप्रीत के थे।

भारत ने वह मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई और इस पारी ने हरमनप्रीत को क्रिकेट की दुनिया में नई पहचान दिलाई।
हरमनप्रीत कौर की यह पारी सिर्फ महिला क्रिकेट ही नहीं, बल्कि पूरे भारतीय क्रिकेट इतिहास में खास मानी जाती है। ICC के किसी भी वनडे टूर्नामेंट के नॉकआउट मैच में यह किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है। दिलचस्प बात यह है कि पुरुष टीम के बड़े खिलाड़ी भी इस रिकॉर्ड को पार नहीं कर पाए हैं।

पुरुष क्रिकेट में नॉकआउट मुकाबलों में सबसे बड़े स्कोर की बात करें तो सौरव गांगुली (141)* और सचिन तेंदुलकर (141) के नाम आते हैं। लेकिन 150 रन का आंकड़ा अब तक कोई भारतीय बल्लेबाज पार नहीं कर पाया है। इसी वजह से हरमनप्रीत की 171 रन की पारी आज भी एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड के रूप में दर्ज है।
हरमनप्रीत कौर का जन्म 8 मार्च 1989 को पंजाब में हुआ था। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम 7 मार्च 2009 को रखा, यानी अपने 20वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले। उन्होंने सबसे पहले वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया। उसी साल उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में भी भारत के लिए खेलना शुरू किया। बाद में 2014 में उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका मिला।
वनडे क्रिकेट में हरमनप्रीत अब तक 141 मैच खेल चुकी हैं। इनमें उन्होंने लगभग 37 की औसत से 3803 रन बनाए हैं। उनके नाम 6 शतक और 19 अर्धशतक भी दर्ज हैं। बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी योगदान दिया है और 31 विकेट हासिल किए हैं।
टी20 इंटरनेशनल में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा 178 टी20 मैच खेलने वाली खिलाड़ी हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 3589 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 32 विकेट भी लिए हैं।
हरमनप्रीत कौर सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि नई पीढ़ी की महिला क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने दिखाया कि मेहनत, आत्मविश्वास और साहस के दम पर कोई भी खिलाड़ी बड़े मंच पर इतिहास रच सकता है।