Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदा में छात्रों का प्रदर्शन,कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

मध्यप्रदेश के हरदा में एससी-एसटी संगठनों से जुड़े छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था और नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन किया। वीर तेजाजी चौक से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। आंदोलन को एनएसयूआई ने भी समर्थन दिया।
कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज
तेजाजी चौक पर धरना देते छात्र।

हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा में गुरुवार को शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। एससी-एसटी संगठनों से जुड़े विद्यार्थी पहले वीर तेजाजी चौक पर एकत्र हुए, जहां उन्होंने धरना देकर अपनी नाराजगी जताई। इसके बाद छात्र रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य द्वार के सामने बैठकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में विभिन्न मांगों और नारों वाली तख्तियां थीं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेष रूप से नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उनका दावा था कि देशभर में 125 से ज्यादा स्थानों पर परीक्षाएं रद्द होने से लाखों छात्रों की मेहनत प्रभावित हुई है। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की।

एनएसयूआई ने दिया आंदोलन को समर्थन

छात्रों के प्रदर्शन को एनएसयूआई का भी समर्थन मिला। संगठन के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल प्रदर्शन में शामिल हुए और छात्रों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए धरना दिया था, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें गिरफ्तार किया गया। छात्रों की समस्याओं को दबाने के बजाय सरकार को उनका समाधान करना चाहिए।

Breaking News

बड़ी संख्या में छात्र रहे मौजूद

प्रदर्शन में एससी-एसटी संगठन से राहुल पवारे, महेंद्र काशिव सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, छात्रों के हितों की रक्षा करने और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। आंदोलन के दौरान पूरे समय शांतिपूर्ण माहौल बना रहा, जबकि प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए रहा।

Edited By- Sona Rajput

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...Read More

Latest Posts