हरदा में करंट की चपेट में आने से 15 साल के बालक की मौत, परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल

जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम काल्याखेड़ी में शुक्रवार को दुखद हादसा सामने आया है। यहां खेत में खेत में चारा लेने गए एक बालक की करंट लगने से मौत हो गई है। हादसे के बाद गांव का माहौल गमगीन है।
हरदा में करंट की चपेट में आने से 15 साल के बालक की मौत, परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हरदा। मृतक मोहित नागवेल

हरदा। छीपाबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम काल्याखेड़ी में शुक्रवार शाम खेत पर मवेशियों के लिए हरा चारा लेने गए 15 वर्षीय बालक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहित पिता महेश नागवेल के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहित शाम के समय चारा लेने खेत पर गया था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े 7 बजे की है।

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बची जान

हादसे की जानकारी मिलते ही परिवारजन मोहित को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि मोहित कक्षा 9वीं में पढ़ता था। वह दो भाई-बहनों में सबसे छोटा और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिवार के पुरुष अंतिम संस्कार में गए थे

मृतक के पिता महेश नागवेल ने बताया कि परिवार में एक गमी होने के कारण घर के सभी पुरुष अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नेमावर गए हुए थे। घर की महिलाएं भी शोकाकुल परिवार के यहां बैठने के लिए गई थीं। इसी दौरान मोहित अकेले मवेशियों के लिए चारा लेने खेत पर चला गया था।

पूरे गांव में मातम

घटना के बाद से परिवार और पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। खेत में करंट किन परिस्थितियों और किस कारण से फैला था, इसकी जांच की जा रही है। 

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...

Latest Posts