Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रात 2 बजे वेयरहाउस से चना चोरी, 36 घंटे में खुल गया पूरा राज; 3 आरोपी गिरफ्तार, 6 कट्टी चना बरामद

हरदा जिले की हंडिया पुलिस ने ग्राम खेड़ा स्थित वेयरहाउस से 6 कट्टी चना चोरी के मामले का 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 2 बजे वेयरहाउस से चना चोरी किया गया था।
रात 2 बजे वेयरहाउस से चना चोरी, 36 घंटे में खुल गया पूरा राज; 3 आरोपी गिरफ्तार, 6 कट्टी चना बरामद
पुलिस हिरासत में चोर

हरदा जिले की हंडिया पुलिस ने ग्राम खेड़ा स्थित वेयरहाउस से चना चोरी के मामले का 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया 6 कट्टी चना बरामद किया गया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल प्लेटिना मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।

रात के अंधेरे में वेयरहाउस से चोरी हुआ चना

पुलिस के अनुसार, ग्राम खेड़ा निवासी रूद्रनाथ पटेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर की रात करीब 2 बजे अज्ञात लोगों ने वेयरहाउस से उनके 6 कट्टी चना चोरी कर लिया। शिकायत मिलने के बाद हंडिया थाने में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

चना बेचने की फिराक में खड़े थे आरोपी

जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि हंडिया में विमलेश्वर आश्रम के सामने दो व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल से टाट की बोरियों में चना लेकर खड़े हैं। दोनों चना बेचने की कोशिश में थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में संजय पिता पंचम काजले और शंकर पिता बाबूलाल कलम, दोनों निवासी अजनास रैयत, ने अपने साथी बृजेश पिता अमर सिंह कलम के साथ मिलकर खेड़ा के वेयरहाउस से चना चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने बृजेश को भी गिरफ्तार कर लिया।

झाड़ियों से बरामद हुई चने की चार कट्टी

पुलिस ने आरोपी संजय के कब्जे से 2 कट्टी चना बरामद किया। वहीं आरोपी बृजेश की निशानदेही पर खेड़ा के कच्चा रोड स्थित नाले की झाड़ियों से चोरी की गई 4 कट्टी चना बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी शंकर के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 47 एमके 6933 जब्त की है।

तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पूरी की और उनका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वेयरहाउस से चोरी हुए चने की वारदात का खुलासा हो गया।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...Read More

Latest Posts