हरदा में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग; पुतला फूंका

हरदा। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घंटाघर चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और स्थानीय नारायण टॉकीज चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी जलाया। यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब देशभर में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं।
राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम अशोक डेहरिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की जांच कराने की मांग रखी। इसके साथ ही मतदाता सूची में किए गए बदलावों की निष्पक्ष जांच की मांग भी की गई।
कार्यकर्ताओं ने पहना ज्ञानेश कुमार का मुखौटा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कुछ कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहन रखा था और हाथों में जंजीर बांधकर पैदल मार्च किया। नारायण टॉकीज चौक पर पुतला जलाने के दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई।
कांग्रेस ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर में बड़े आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों की जांच की मांग दोहराई। कांग्रेस नेतृत्व पहले भी CEC के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को लेकर कई मांगें उठा चुका है।
प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं, विधायक डॉ. आरके दोगने, पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार, ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद व्यास, जिला उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, सुभाष जायसवाल, आशुतोष कोठारी, विजय सुरमा, विनोद पटेल, पूर्व पार्षद इकबाल अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















