2 करोड़ की फिल्म ने मचाई धूम! ‘हनुमान अंश’ की टीम पहुंची भोपाल, कलाकारों ने सुनाए शूटिंग के अनसुने किस्से

भोपाल। कम बजट में बनी एक आध्यात्मिक फिल्म इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फिल्मों को टक्कर दे रही है। बात हो रही है फिल्म ‘हनुमान अंश’ की, जो संत नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है। 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन और लेखन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी और शुरुआत धीमी रहने के बाद दर्शकों की जुबानी चर्चा से इसकी कमाई तेजी से बढ़ी। फिल्म भारत में 214 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कमा चुकी है और वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 268 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
नीम करोली बाबा की कहानी ने बदली फिल्म की किस्मत
‘हनुमान अंश’ में नीम करोली बाबा के जीवन, उनके आध्यात्मिक सफर और उनसे जुड़े अनुभवों को कहानी का आधार बनाया गया है। फिल्म में शोभिनव सत्य ने नीम करोली बाबा का किरदार निभाया है, जबकि विहान शेडगे ने युवा महाराज जी की भूमिका निभाई है। चंदन के आनंद डॉ. राम नंदन भोसले, अनिल रस्तोगी महंत जी, पूर्णिमा तिवारी राम दुलारी और गुलशन पांडे इंस्पेक्टर धर्म सिंह के किरदार में हैं। इसके अलावा भगवान दास पटेल, नेहा परांजपे और अभिषेक मिश्रा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म के निर्माता विशाल चतुर्वेदी, रागिनी सोना, नम्रता जी. सिंह और अनुप्रिया नगर हैं। इसकी सिनेमैटोग्राफी विशाल बावा ने की है और एडिटिंग शंख राजाध्यक्ष ने संभाली है। फिल्म को स्वंभु मीडिया नेटवर्क और होली काउ होम प्रोडक्शंस के बैनर से जोड़ा गया है।
भोपाल पहुंचे पार्वती, गोपाल और चांद चोर
फिल्म की सफलता के बाद इसकी टीम दर्शकों से सीधे जुड़ रही है। इसी सिलसिले में भोपाल पहुंचे कलाकारों में पार्वती माई का किरदार निभाने वालीं नेहा परांजपे, गोपाल बहेलिया की भूमिका निभाने वाले भगवान दास पटेल और चांद चोर का किरदार निभाने वाले अभिषेक मिश्रा शामिल रहे। तीनों ने फिल्म, अपने किरदार और शूटिंग के अनुभव साझा किए।
चांद चोर ने सुनाया तरबूज और रीटेक का किस्सा
अभिषेक मिश्रा ने बताया कि चांद चोर का किरदार उनके लिए आसान नहीं था। शूटिंग के दौरान एक सीन को कई बार रीटेक किया गया और इसी दौरान उन्होंने मजाक में बताया कि करीब आठ तरबूज तक खा लिए। उन्होंने कहा कि सेट पर माहौल काफी अच्छा था। पहली बार विशाल सर के साथ काम करने का अनुभव खास रहा। नीम करोली बाबा का किरदार निभाने वाले शोभिनव के साथ भी उनका मजाकिया रिश्ता रहा और शूटिंग के साथ बहुत कुछ सीखने को मिला। अभिषेक ने फिल्म के संदर्भ में युवाओं के जागने और नीम करोली बाबा को लेकर बढ़ती जिज्ञासा की भी बात की। उनके मुताबिक फिल्म के बाद बाबा के जीवन और विचारों को जानने की लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।
गोपाल बने भगवान दास बोले- अनुभव शब्दों में बताना मुश्किल
भगवान दास पटेल ने गोपाल दास बहेलिया की भूमिका निभाई है। उनका किरदार पक्षियों से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि फिल्म का अनुभव उनके लिए बेहद अलग और आध्यात्मिक रहा। सेट पर हनुमान चालीसा पढ़े जाने को उन्होंने खास अनुभव बताया। उनके मुताबिक आमतौर पर शूटिंग शुरू होने से पहले गणपति पूजा देखी है लेकिन किसी फिल्म सेट पर हनुमान चालीसा का ऐसा माहौल पहली बार देखा। जबलपुर से आने वाले भगवान दास ने कहा कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि फिल्म इतनी बड़ी सफलता हासिल करेगी। फिल्म की यात्रा अभी लंबी है और इस सफलता का अनुभव उनके लिए खास है।
नेहा परांजपे के लिए पार्वती का किरदार बना खास मौका
पार्वती माई की भूमिका निभाने वालीं नेहा परांजपे ने बताया कि वह भी मध्य प्रदेश से हैं और बड़े पर्दे पर काम करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि रही। उन्होंने कहा कि विशाल चतुर्वेदी के साथ दोबारा काम करने का मौका उनके लिए खास था। फिल्म का ‘पार्वती’ गीत भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ है और इसकी चर्चा सोशल मीडिया पर लगातार देखने को मिली। फिल्म की टीम का मानना है कि दर्शकों की प्रतिक्रिया, सोशल मीडिया पर बने वीडियो और माउथ पब्लिसिटी ने ‘हनुमान अंश’ को इतनी बड़ी सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। दर्शकों की आधिकारिक संख्या सामने नहीं आई है, लेकिन बॉक्स ऑफिस के आंकड़े बताते हैं कि छोटे बजट की यह फिल्म अब बड़ी व्यावसायिक सफलता बन चुकी है।


















