Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पेट्रोल देने से किया इनकार तो युवक को लगा दी आग,बेटे को बचाने दौड़े पिता भी झुलसे

ग्वालियर के थाटीपुर में पेट्रोल को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बदमाश ने 26 वर्षीय आकाश सेंगर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बेटे को बचाने दौड़े पिता रामचंद्र सेंगर भी झुलस गए। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है।
Follow on Google News
बेटे को बचाने दौड़े पिता भी झुलसे

ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में मंगलवार रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पेट्रोल देने से इनकार करने पर एक युवक को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। आग में झुलसे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि उसे बचाने पहुंचे उसके पिता भी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पेट्रोल को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, न्यू प्रेम नगर स्थित पीएसी कॉलोनी के पास रहने वाला 26 वर्षीय आकाश सेंगर ऑटो स्टैंड पर वाहनों की देखरेख और पेट्रोल बेचने का काम करता है। मंगलवार रात करीब 11 बजे क्षेत्र का बदमाश डोली गुर्जर अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि डोली ने आकाश से पेट्रोल मांगा, लेकिन उसने देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

पेट्रोल डालकर लगा दी आग

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर आकाश के ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया और लाइटर से आग लगा दी। देखते ही देखते आकाश आग की लपटों में घिर गया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

Breaking News

बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी झुलसे

घायल आकाश के पिता रामचंद्र सेंगर पास के एक टूर एंड ट्रेवल्स कार्यालय में सिक्योरिटी गार्ड हैं। बेटे को आग में घिरा देख वह बिना कुछ सोचे उसकी तरफ दौड़ पड़े।  इस दौरान उनके पैरों में भी आग लग गई और वे झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक आकाश करीब 50 से 60 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें: नर्मदापुरम: शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद; आरोपी पर पहले से दर्ज हैं केस

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की पहचान डोली गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मुरार सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक आरोपी की पहचान हो चुकी है। पेट्रोल और लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts