मऊगंज थाने के सामने दुकान के तलघर में मिला लापता युवक का शव, अस्पताल से हुआ था गायब
मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में एक युवक का शव सोमवार को पुलिस थाने के ठीक सामने स्थित दुकान के तलघर में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के महोबा निवासी 28 वर्षीय बिजेंद्र कोल के रूप में हुई है। वह सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद वहां से लापता हो गया था। परिजन पिछले दो दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में घायल हुआ था युवक
जानकारी के अनुसार, बिजेंद्र करीब एक महीने पहले अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था। 17 अक्टूबर की शाम वह रिश्तेदारी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे दिघवार के बराती मोड़ पर उसकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलने पर लौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बिजेंद्र को सिविल अस्पताल मऊगंज में भर्ती कराया। अस्पताल के रिकॉर्ड के मुताबिक प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी के बाद वह वहां से अचानक लापता हो गया। इसके बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे थे।
सोशल मीडिया से मिली शव मिलने की सूचना
सोमवार को बिजेंद्र की तलाश करते हुए परिजन लौर थाने पहुंचे। वहां उन्हें सड़क हादसे और अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली। जब वे अस्पताल पहुंचे तो बिजेंद्र वहां नहीं मिला। परिजन उसकी खोजबीन कर ही रहे थे कि सोशल मीडिया के जरिए मऊगंज थाने के सामने एक दुकान के तलघर में शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान बिजेंद्र कोल के रूप में की।
सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान
मृतक के ससुर कमलेश कोल ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उन्हें आशंका है कि बिजेंद्र की मौत सड़क हादसे में लगी गंभीर चोटों के कारण हुई होगी। परिजनों के अनुसार, युवक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।






















