गुना:डॉ. सतीश राजपूत की अनूठी पहल, हर रविवार महिलाओं को मुफ्त इलाज और दवा; अब तक सैकड़ों को मिला लाभ

गुना में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश राजपूत हर रविवार निःशुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रहे हैं। इस सप्ताह 80 महिलाओं का मुफ्त उपचार किया गया और 30 बीपीएल मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
डॉ. सतीश राजपूत की अनूठी पहल, हर रविवार महिलाओं को मुफ्त इलाज और दवा; अब तक सैकड़ों को मिला लाभ
हर रविवार महिलाओं को मुफ्त इलाज और दवा

जिले के वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश राजपूत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरे हैं। पिछले तीन माह से अधिक समय से वे प्रत्येक रविवार निःशुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रहे हैं, जहां जरूरतमंद महिलाओं को मुफ्त जांच, विशेषज्ञ परामर्श, उपचार और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस सप्ताह आयोजित शिविर में करीब 80 महिलाओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया, जबकि 30 बीपीएल कार्डधारी मरीजों को मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया।

आर्थिक तंगी इलाज में बाधा न बने

डॉ. सतीश राजपूत ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उन महिलाओं तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है जो आर्थिक तंगी के कारण समय पर इलाज नहीं करा पातीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं और उनकी आर्थिक स्थिति को करीब से देखने के बाद उन्होंने प्रत्येक रविवार निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर शुरू करने का निर्णय लिया। शुरुआत में सहयोग सीमित था लेकिन अब समाज के कई लोग इस जनसेवा अभियान से जुड़कर सहयोग कर रहे हैं।

महिलाएं स्वस्थ होंगी तभी परिवार स्वस्थ रहेगा

डॉ. राजपूत ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज की नींव होती है। इसी सोच के साथ शिविर में महिलाओं को विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक जांच और पात्र बीपीएल मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यह सेवा अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा : भूमका घाटी में लूट की कोशिश से दहशत, व्यापारियों और वकील ने सूझबूझ से बचाई जान

मरीजों ने की पहल की सराहना

राजगढ़ जिले की पचोर तहसील से उपचार कराने पहुंचीं लीलाबाई ने बताया कि ऐसे सेवा भाव रखने वाले डॉक्टर समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बिना किसी शुल्क के गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना बड़ी राहत है और इससे लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।

सरकारी अस्पताल में बढ़ा लोगों का भरोसा

डॉ. सतीश राजपूत के जिला अस्पताल गुना में पदस्थ होने के बाद सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। उनकी कार्यशैली, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और बेहतर उपचार के कारण गुना सहित आसपास के पांच जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। उनकी इस सामाजिक पहल और जनसेवा की सराहना जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल भी कर चुकी हैं।

ये भी पढ़ें: दतिया  उपचुनाव : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह बोले- भाजपा के लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, सेवा का संकल्प है

टीम हेल्प का भी मिला सहयोग

डॉ. राजपूत ने बताया कि इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा अभियान को सफल बनाने में टीम हेल्प का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिविर के संचालन में शुभम जैन, लता, डॉ. अंजलि, अरविंद, विनोद सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यदि अधिक चिकित्सक इस तरह के सामाजिक अभियानों से जुड़ें तो गरीब और जरूरतमंद मरीजों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से पहुंचाई जा सकती हैं।

Edited By: Sumit Shrivastava

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts