दतिया  उपचुनाव : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह बोले- भाजपा के लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, सेवा का संकल्प है

दतिया उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में सभा कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी कांग्रेस की जीत का दावा किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह बोले- भाजपा के लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, सेवा का संकल्प है
दतिया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में सभा की।

दतिया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को दतिया में बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में चुनावी सभा ली। बसई में लोगों को संबोधित करते हुए शिवराज ने कहा, भाजपा के लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है।

बसई मेरे दिल में बसता है...

सभा में शिवराज सिंह चौहान ने कहा, बसई मेरे दिल में बसता है। उन्होंने कहा कि 2003 तक ग्वालियर-चंबल डकैतों के आतंक से त्रस्त था। अपहरण, हत्याएं और भय का माहौल था। भाजपा सरकार बनने के बाद यह संकल्प लिया गया कि या तो मप्र में डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान। दोनों साथ नहीं रह सकते। एक साल के भीतर अधिकांश डकैत या तो मारे गए, जेल पहुंचे या प्रदेश छोड़कर भाग गए।

ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीक के बाद PM मोदी का बड़ा ऐलान, नंदन नीलेकणि की अगुवाई में बनेगी परीक्षा सुधार टास्क फोर्स

भाजपा ने आधारभूत ढांचे पर काम किया

शिवराज सिंह ने सभा में कहा कि कांग्रेस शासन में प्रदेश की सड़कें इतनी खराब थीं कि पता ही नहीं चलता था कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। उस समय बिजली आती कम और जाती ज्यादा थी। सिंचाई, पेयजल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं भी बदहाल थीं। भाजपा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे पर विशेष काम किया। बसई में 80 करोड़ रुपए की लागत से सीएम राइज स्कूल बनाया गया, ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है। यह विकास का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, लेकिन दतिया में विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाना जरूरी है।

तुमसे मिलने को दिल करता है रे बाबा…

सभा के दौरान भीड़ से किसी ने ‘आई लव यू, मामा’ कहा, इस पर शिवराज सिंह चौहान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, आई लव यू टू बहुत दिनों से आपकी याद आ रही थी… तुमसे मिलने को दिल करता है रे बाबा। केंद्रीय मंत्री ने जनता की तरफ देखते हुए फ्लाइंग किस भी उछाला।

दतिया उपचुनाव: वोट खरीदने वाले 5000 रुपए देंगे, पर वोट कांग्रेस को देना :  पटवारी

/img/89/1785079067607

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दतिया का उपचुनाव पूरे प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करेगा। जीतू पटवारी ने सभा में कहा, वोट खरीदने वाले दतिया के घर-घर में 5000 रुपए लेकर आएंगे। लूट का धन तो लेना है, किंतु वोट कांग्रेस को ही देना है। उनके इस बयान पर सभा में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाई।

ये भी पढ़ें: Pralhad Joshi : कौन हैं प्रह्लाद जोशी? कितने पढ़े-लिखे हैं नए शिक्षा मंत्री, जानिए पूरा राजनीतिक सफर

दिग्विजय सिंह बोले-जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को जीत के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त है और इस बार बदलाव तय है। दोनों नेताओं ने दावा किया कि दतिया उपचुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है और जनता महंगाई, भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट करेगी।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts