गुना:12 घंटे में अपहृत युवक सकुशल मिला, 2 आरोपी गिरफ्तार

सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के दम पर अपहरण के एक सनसनीखेज मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और प्रभारी सीएसपी आनंद कुमार राय के पर्यवेक्षण में की गई।
जयस्तंभ चौराहे से किया गया था अपहरण
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को महालक्ष्मी नगर निवासी वीर सिंह रजक ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका 24 वर्षीय पुत्र नीतेश रजक जो खिलौनों का व्यापार करता है, को लेन-देन के विवाद के चलते धौलपुर (राजस्थान) निवासी शिवम शर्मा ने जयस्तंभ चौराहे पर बुलाया था। वहां शिवम शर्मा और उसके एक साथी ने नीतेश को जबरन कार में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया।
ये भी पढ़ें: पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोड़ूंगा... पटना SP के वायरल वीडियो पर छिड़ी बहस
तकनीकी जांच और सर्च ऑपरेशन से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, तकनीकी विश्लेषण किया और लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाया।
दो आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम शर्मा, यशवंत दांगी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार (MP07 CJ 6951) भी जब्त कर ली है।
ये भी पढ़ें: देखरेख की दरकार: उपेक्षा का शिकार कटनी की ऐतिहासिक धरोहर, बिलहरी के प्राचीन विष्णु वाराह मंदिर के पास गंदगी का अंबार
पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, उपनिरीक्षक हरिचरण मीना, प्रधान आरक्षक दिलीप सेन, आरक्षक अजय सिकरवार और आरक्षक हाकिम सिंह यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के जरिए अपराधियों तक जल्द पहुंचना पुलिस की प्राथमिकता है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर गुना पुलिस की सतर्कता और सक्रिय कार्यशैली को साबित किया है।
Edited By: Sumit Shrivastava












