PlayBreaking News

पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोड़ूंगा...पटना SP के वायरल वीडियो पर छिड़ी बहस

पटना में NEET पेपर लीक के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एसपी संकेत कुमार का एक वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में वह पुलिसकर्मियों से कहते सुनाई दे रहे हैं, 'पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोड़ूंगा'। प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया।
Follow on Google News
पटना SP के वायरल वीडियो पर छिड़ी बहस

बिहार की राजधानी पटना में NEET पेपर लीक के विरोध में हुए छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बीच पुलिस अधीक्षक (SP) संकेत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह पुलिसकर्मियों से कहते सुनाई दे रहे हैं, 'पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोड़ूंगा।' इसके बाद वह खुद सबसे आगे बढ़कर प्रदर्शनकारियों की ओर जाते नजर आते हैं।

इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे नेतृत्व का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनकी भाषा और रवैये पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल इस वीडियो पर पटना पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

क्या है वायरल वीडियो में?

वायरल वीडियो में प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण माहौल दिखाई देता है। छात्र बैरिकेड की ओर बढ़ रहे हैं और पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। इसी बीच SP संकेत कुमार अपने जवानों के बीच पहुंचकर सख्त लहजे में निर्देश देते हैं। कुछ ही क्षण बाद वह खुद पुलिस टीम के साथ आगे बढ़ते दिखाई देते हैं। यही वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

क्यों कर रहे थे छात्र प्रदर्शन?

गुरुवार को पटना के जेपी गोलंबर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) समेत कई छात्र संगठनों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही भीड़ आगे बढ़ी, पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और हालात तनावपूर्ण हो गए।

NEET

लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। जब भीड़ नहीं मानी तो पुलिस ने लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पथराव भी किया। इस झड़प में गांधी मैदान थाना प्रभारी और एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रही थी भीड़

प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करना चाहते थे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक दिया। जब भीड़ पीछे नहीं हटी तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। इसके बाद धीरे-धीरे हालात सामान्य हुए, लेकिन पूरे दिन कई इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। घटना के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। दरभंगा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पटना की घटना की निंदा की।

भाजपा ने लगाए आरोप

दरभंगा भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने आरोप लगाया कि पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पथराव किया गया। उन्होंने कहा कि हिंसा लोकतांत्रिक विरोध की सीमा से बाहर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

वीडियो पर जारी है बहस

SP संकेत कुमार का वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में है। हालांकि, इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। ऐसे में पूरे मामले की तस्वीर आधिकारिक जांच और तथ्यों के सामने आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts