गोरखपुर: गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मिला मोबाइल, रिकॉर्डिंग ऑन थी; जांच में जुटी पुलिस

गोरखपुर। शिकायत के बाद कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला वार्डन के खिलाफ केस दर्ज किया है और उससे पूछताछ की जा रही है। छात्राओं का दावा है कि मोबाइल का कैमरा टॉयलेट की तरफ था और उसमें कुछ छात्राओं के कथित वीडियो भी मिले हैं। हालांकि, मोबाइल में मौजूद वीडियो, उनकी संख्या और रिकॉर्डिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मोहद्दीपुर के गर्ल्स हॉस्टल का मामला
मामला गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर इलाके का है। यहां शहर के अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली छात्राएं रहती हैं। हॉस्टल में 20 कमरे हैं, जिनमें करीब 26 छात्राएं रह रही हैं।
ये भी पढ़ें: 40 की उम्र में 400 RTI! डॉक्टर को ब्लैकमेल कर मांगता था ‘खर्चा-पानी’, एक गिरफ्तार
बाथरूम के टीन शेड में मिला मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले ही एक छात्रा हॉस्टल में रहने आई थी। 8 सितंबर की रात वह बाथरूम में गई, इसी दौरान उसकी नजर टीन शेड में रखे एक मोबाइल फोन पर पड़ी। मोबाइल देखकर छात्रा को शक हुआ, जिसके बाद उसने पहले अपने फोन से उस मोबाइल का वीडियो बनाया।
कैमरा ऑन था और टॉयलेट की तरफ था
छात्रा ने इसके बाद हॉस्टल में रहने वाली दूसरी छात्राओं को बुलाकर मोबाइल के बारे में जानकारी दी। छात्राओं का आरोप है कि बाथरूम में मिला मोबाइल एंड्रॉयड फोन था और उसका कैमरा ऑन था। छात्राओं के अनुसार, मोबाइल का कैमरा टॉयलेट की तरफ किया गया था, जिसके बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया।
मोबाइल में वीडियो मिलने का दावा
छात्राओं का आरोप है कि मोबाइल को चेक करने पर उसमें कुछ छात्राओं के बाथरूम के वीडियो भी मिले। छात्राओं के मुताबिक, मोबाइल में कथित तौर पर 5 से 6 लड़कियों के वीडियो मौजूद थे। कुछ छात्राओं ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में भी रिकॉर्ड किया और इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
वार्डन का बताया जा रहा मोबाइल
सूचना मिलने के बाद पीआरवी और कैंट थाने की पुलिस रात करीब 12 बजे मोहद्दीपुर स्थित हॉस्टल पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद छात्राओं और महिला वार्डन से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सामने आया कि बाथरूम से मिला मोबाइल हॉस्टल की वार्डन का बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 73 गाइडों को दी रिफ्रेशर ट्रेनिंग, टाइगर इकोलॉजी, बर्ड कॉल समझाया
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने महिला वार्डन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। मोबाइल में मौजूद कथित वीडियो, उनकी संख्या और रिकॉर्डिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस जांच कर रही है।




















