40 की उम्र में 400 RTI! डॉक्टर को ब्लैकमेल कर मांगता था ‘खर्चा-पानी’, एक गिरफ्तार

देवास/ कन्नौद। 40 साल की उम्र में करीब 400 RTI लगाकर लोगों को ब्लैकमेल करने का आरोप झेल रहे एक व्यक्ति ने कन्नौद में डॉक्टर के घर पहुंचकर मरीजों के वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर चलाने की धमकी दी। आरोप है कि वीडियो के जरिए डॉक्टर से ‘खर्चा-पानी’ के नाम पर अवैध वसूली की मांग की जा रही थी। शिकायत के बाद पुलिस ने महबूब खां पिता सईद खां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी विनोद भूतड़ा की तलाश की जा रही है।

यह भी देखें: उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर पर उमा भारती का सुझाव, भोपाल में मस्जिद को बचाकर सड़क बनाई, वैसा ही ‘विकास’ करें
फरियादी एमबीबीएस डॉक्टर अंकित दास ने पुलिस को बताया कि वह और उनकी पत्नी दोनों एमबीबीएस चिकित्सक हैं और अपने निवास पर मरीजों का उपचार करते हैं। आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से महबूब खां उनके घर पहुंचकर इलाज के दौरान महिलाओं और बच्चों के वीडियो बनाने लगा। इसके बाद इन वीडियो को सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर चलाने की बात कहकर खर्चा-पानी की मांग की जाती थी।
डॉक्टर के मुताबिक, उन्होंने जब इसका विरोध किया तो आरोपी अपने साथी विनोद भूतड़ा के साथ दोबारा घर पहुंचा और वीडियो बनाने लगा। डॉक्टर ने इलाज कराने वाली महिलाओं की निजता भंग होने की बात कहते हुए वीडियो बनाने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और मारपीट भी हुई।शिकायत मिलने के बाद कन्नौद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान जिला संपर्क कार्यालय और आरोपियों से मीडिया संबंधी दस्तावेज मांगे गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास मीडिया से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले और जांच में लगाए गए आरोप सही पाए गए।
यह भी देखें: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 73 गाइडों को दी रिफ्रेशर ट्रेनिंग, टाइगर इकोलॉजी, बर्ड कॉल समझाया
इसके बाद पुलिस ने महबूब खां को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके साथी विनोद भूतड़ा की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना अभी जारी है। पुलिस अधीक्षक पुनित गहलोत के निर्देश पर अड़ीबाजी और अवैध वसूली के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।




















