‘गोलमाल 5’ की रिलीज डेट ने बढ़ाई एक्साइटमेंट! अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म इस दिन होगी रिलीज

बॉलीवुड की चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से ‘गोलमाल 5’ का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अब रिलीज डेट सामने आ गई है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार, कुणाल खेमू, प्रियामणि, अरशद वारसी और संजय मिश्रा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। स्टारकास्ट को देखते हुए फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अभी से उत्सुकता बढ़ गई है।
इस दिन रिलीज होगी ‘गोलमाल 5’
रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर ‘गोलमाल 5’ का नया पोस्टर शेयर कर फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया है। पोस्टर में फिल्म की स्टारकास्ट बाइक के साथ मस्ती करती हुई नजर आ रही है। पोस्टर का अंदाज भी फिल्म की कॉमेडी और मस्ती भरे माहौल की ओर इशारा कर रहा है। रोहित शेट्टी ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, हंसी, मस्ती, जॉय, खुशियां और परिवार… बस कुछ और नहीं… फिल्म को लेकर सबसे बड़ा अपडेट इसकी रिलीज डेट है। ‘गोलमाल 5’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यानी नए साल की शुरुआत में दर्शकों को कॉमेडी और मस्ती से भरपूर फिल्म देखने का मौका मिलेगा।
Golmaal 5 : ऊटी में 'गोलमाल 5' की शूटिंग शुरू, पूरी टीम आइकॉनिक बाइक के साथ लौटी
अजय देवगन और अक्षय कुमार की जोड़ी पर नजर
‘गोलमाल 5’ की स्टारकास्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं। अजय देवगन पहले से ही इस फ्रेंचाइजी का अहम हिस्सा रहे हैं। अब अक्षय कुमार के शामिल होने से फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है। इसके अलावा कुणाल खेमू, अरशद वारसी और संजय मिश्रा जैसे कलाकार भी फिल्म में नजर आएंगे। गोलमाल सीरीज में कॉमेडी के साथ अलग-अलग किरदारों की नोकझोंक और मजेदार परिस्थितियां देखने को मिलती रही हैं। ऐसे में इस बार भी दर्शकों को इसी तरह की मस्ती और कॉमेडी की उम्मीद है।
2006 में शुरू हुई थी ‘गोलमाल’ की कहानी
‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। इसकी पहली फिल्म ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ थी। फिल्म में अजय देवगन समेत कई कलाकारों ने दर्शकों का मनोरंजन किया था। इसके बाद साल 2008 में इसका दूसरा पार्ट ‘गोलमाल रिटर्न्स’ रिलीज हुआ। इस फिल्म को भी दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया।
तीसरे और चौथे पार्ट ने भी खूब हंसाया
फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘गोलमाल 3’ साल 2010 में रिलीज हुई थी। इसके बाद सीरीज की चौथी फिल्म के लिए दर्शकों को करीब सात साल इंतजार करना पड़ा। साल 2017 में ‘गोलमाल अगेन’ सिनेमाघरों में आई। इस फिल्म में कॉमेडी के साथ हॉरर का भी तड़का लगाया गया था। फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े समेत कई कलाकार नजर आए थे। अब करीब एक दशक बाद फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
नए साल में कॉमेडी का तड़का
‘गोलमाल 5’ को 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। रोहित शेट्टी की यह फिल्म एक बार फिर गोलमाल की पुरानी मस्ती को आगे बढ़ाएगी या कहानी में कुछ नया देखने को मिलेगा, यह फिल्म रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट सामने आने के बाद अजय देवगन और रोहित शेट्टी के फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। बड़ी स्टारकास्ट, कॉमेडी फ्रेंचाइजी और रोहित शेट्टी का निर्देशन- इन सबकी वजह से ‘गोलमाल 5’ को लेकर दर्शकों की नजरें अब 8 जनवरी 2027 पर टिक गई हैं।



















