Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी में नवोदय विद्यालय में दाखिला के नाम पर 40 हजार रुपए लेने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

कटनी में जवाहर नवोदय विद्यालय में बेटे का दाखिला कराने का भरोसा देकर एक ग्रामीण से 40 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा नेता ने अपनी ऊपर तक पहुंच बताकर कोचिंग छुड़वाई और सीधे दाखिला कराने का भरोसा दिया था।
कटनी में नवोदय विद्यालय में दाखिला के नाम पर 40 हजार रुपए लेने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
कटनी में नवोदय विद्यालय में दाखिला के नाम पर 40 हजार रुपए लेने का आरोप

कटनी। बेटे का दाखिला नहीं होने पर पिता ने पत्नी के गहने गिरवी रखकर जुटाई गई रकम वापस मांगी, लेकिन पैसे नहीं मिले। परेशान पिता ने बुधवार को बड़वारा थाने पहुंचकर भाजपा नेता के खिलाफ लिखित शिकायत की है। वहीं, भाजपा नेता ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए झूठ बताया है।

कोचिंग छुड़ाने की सलाह देकर सीधे दाखिले का दिया भरोसा

बड़वारा थाना क्षेत्र के झिंझरी गांव निवासी महेश पटेल ने बताया कि उन्होंने बेटे हरिओम पटेल के छठवीं कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन किया था। वे उसे प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग भेजने की योजना बना रहे थे, इसी दौरान उनकी मुलाकात रोहनिया गांव के बड़वारा भाजपा मीडिया प्रभारी खेमचंद यादव से हुई।

ये भी पढ़ें: सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित तीन आरोपी अब तक फरार, 3 महीने बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी एसआईटी; इनाम बढ़ाकर 30 हजार किया

ऊपर तक पहुंच बताकर मांगे 40 हजार रुपए

महेश के मुताबिक, खेमचंद यादव ने उन्हें कोचिंग नहीं भेजने की सलाह दी। साथ ही कहा कि उनकी ऊपर तक पहुंच है और वे सीधे नवोदय विद्यालय बड़वारा में दाखिला करवा देंगे।

पत्नी के गहने गिरवी रखकर फोन-पे से दिए पैसे

महेश ने बताया कि बेटे के दाखिले की उम्मीद में उन्होंने पत्नी के गहने गिरवी रखे और 10 दिसंबर 2025 तक किस्तों में कुल 40 हजार रुपए फोन-पे के जरिए दिए। उनका आरोप है कि कुछ ट्रांजेक्शन खेमचंद यादव के मोबाइल नंबर पर और कुछ उनके मित्र अनिल कुमार रजक के नंबर पर करवाए गए।

दाखिला नहीं हुआ तो वापस मांगी रकम, नहीं मिले पैसे

महेश का कहना है कि करीब एक साल बाद भी बेटे का दाखिला नहीं हुआ। रकम वापस मांगने पर भी उन्हें पैसे नहीं मिले। गहने गिरवी रखकर जुटाई गई रकम नहीं लौटने से परिवार पर आर्थिक दबाव बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

Breaking News

पुलिस ने शिकायत लेकर शुरू की जांच

बड़वारा थाना पुलिस ने महेश पटेल का शिकायती आवेदन प्राप्त कर लिया है। थाना प्रभारी सुयेश पांडे ने बताया कि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के दस्तावेजों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts