
भोपाल। राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी ही जान-पहचान की युवती के साथ ऐसी साजिश रची, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। जिस होटल में पीड़िता काम करती थी, उसी जगह को वारदात का अड्डा बनाया गया। आरोप है कि महिला ने अपने बेटे और उसके दोस्त को प्लानिंग के तहत होटल भेजा, जहां उन्होंने कमरे में बुलाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे बंधक बनाकर पीटा। पूरी घटना के पीछे निजी रिश्तों में चल रहा विवाद बताया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 23 साल की युवती, जो बी.कॉम पास है, कोलार इलाके के एक होटल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी करती है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे वह ड्यूटी पर थी। तभी बिट्टू नाम का एक युवक अपने दोस्त के साथ होटल आया। दोनों ने कमरा देखने की बात कही, तो युवती उन्हें रूम दिखाने गई। थोड़ी देर बाद उन्होंने बहाना बनाकर कहा कि कमरे में पानी नहीं आ रहा है और उसे फिर से बुलाया। जैसे ही वह कमरे में पहुंची, आरोप है कि बिट्टू ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसके दोस्त ने भी उसके साथ गलत हरकतें कीं।
बिट्टू के दोस्त ने पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में छेड़खानी की। कुछ ही देर में इसी होटल की पूर्व रिसेप्शनिस्ट विनिता भी रूम में पहुंच गई। जिसने एक युवक को बेटा जबकि बिट्टू को बेटे का दोस्त बताया। आज के बाद उसके बॉयफ्रेंड (होटल मालिक) से दूर रहने की नसीहत दी। उसके साथ जमकर मारपीट की। तीनों आरोपी पीड़िता को अगवा कर साथ ले गए। अपहरण की यह वारदात स्कूटी से अंजाम दी।
ये भी पढ़ें: RSS को बच्चा देने की अपील! नागपुर में गूंजा बाबा बागेश्वर का बयान, कहा- 'चार बच्चे पैदा करो, एक...?'
जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले की जड़ एक निजी रिश्ता है। पुलिस के अनुसार पीड़िता और आरोपी महिला दोनों का एक ही होटल मालिक के साथ संबंध बताया जा रहा है। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बताया गया कि होटल मालिक इन दिनों ग्वालियर में है, लेकिन पीड़िता उससे फोन पर बात करती थी। इसी बात से नाराज होकर विनिता ने यह साजिश रची और पीड़िता को सबक सिखाने के लिए इस तरह की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के बाद आरोपी यहीं नहीं रुके। पीड़िता को कमरे से बाहर निकालकर जबरन अपने साथ ले गए। उसे स्कूटी पर बैठाकर स्टेशन बजरिया इलाके में ले जाया गया। यहां भी उसके साथ मारपीट की गई और लगातार धमकाया जाता रहा कि वह किसी को कुछ न बताए। आरोपियों ने उसे डराने की पूरी कोशिश की ताकि मामला बाहर न आ सके।
घटना के दौरान होटल के अन्य स्टाफ को कुछ गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की और उसे स्टेशन बजरिया इलाके से सुरक्षित बरामद किया। शुरुआत में पीड़िता काफी डरी हुई थी और कुछ भी बताने को तैयार नहीं थी। बाद में पुलिस ने उसकी काउंसलिंग कराई, जिसके बाद उसने पूरी घटना विस्तार से बताई।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रेप, अपहरण, बंधक बनाने और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मुख्य आरोपी महिला विनिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि उसके बेटे और उसका दोस्त फरार बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है।