गैरतगंज में चोरों का आतंक, दो रात में कई मकानों में चोरी; 2.20 लाख नकद और सोने के गहने ले गए
गैरतगंज। रायसेन जिले के गैरतगंज नगर में चोरी की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात सुधा सागर नगर में चोरी की घटनाओं के बाद गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने टेकापार कॉलोनी में चार मकानों को निशाना बनाया। एक मकान से 2 लाख 20 हजार रुपये नकद और करीब चार तोला सोने के आभूषण चोरी होने की जानकारी मिली है। वहीं, दूसरे मकान से ग्राम पंचायत का लैपटॉप और अन्य सामग्री ले जाई गई। लगातार दूसरे दिन हुई वारदातों से नगर में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
टेकापार कॉलोनी में चार मकानों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने टेकापार कॉलोनी में कई मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। वार्ड क्रमांक 15 निवासी ग्राम पंचायत बम्होरी गोदर के सचिव भैरो सिंह धाकड़ के मकान से चोर 2 लाख 20 हजार रुपये नकद और करीब चार तोला सोने के आभूषण ले गए। इसी क्षेत्र में कल्याण सिंह लोधी के मकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। यहां किराये से रह रहे ग्राम पंचायत पापड़ा के सचिव गोपाल मेहरा के कमरे का ताला तोड़कर ग्राम पंचायत का लैपटॉप और अन्य सामग्री चोरी कर ली गई।
पचमढ़ी घूमने गए परिवार के घर में भी चोरी
वार्ड क्रमांक 2 निवासी सुरेंद्र लोधी के घर के ताले भी टूटे मिले। पड़ोसियों ने उन्हें इसकी सूचना दी। बताया गया कि सुरेंद्र घटना से एक दिन पहले अपने परिजनों के साथ पचमढ़ी घूमने गए थे। घर से कितनी और कौन-कौन सी सामग्री चोरी हुई है, इसका आकलन अभी नहीं हो पाया है। इसी क्षेत्र में बलवीर ठाकुर के मकान के ताले तोड़ने का भी प्रयास किया गया। हालांकि आहट सुनकर परिजनों के जाग जाने पर चोर मौके से फरार हो गए।
बाड़ी: दिनदहाड़े दो पेट्रोल पंपों पर लूट, कार में पेट्रोल भरवाकर बदमाश फरार; जांच में जुटी पुलिस
सुधा सागर नगर में भी एक रात पहले हुई थीं कई चोरियां
टेकापार कॉलोनी में हुई वारदातों से एक रात पहले बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात भोपाल-सागर रोड से लगी सुधा सागर नगर कॉलोनी में भी चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। अज्ञात चोरों ने भगवान सिंह लोधी, मुकेश जैन और अर्जुन सिंह लोधी के मकानों के साथ सड़क निर्माण कंपनी के कार्यालय को निशाना बनाया था। इन घटनाओं में नकदी, करीब 20 किलो देसी घी और अन्य घरेलू सामग्री चोरी होने की जानकारी सामने आई थी। इसके अलावा एक बाइक भी चोरी कर ली गई थी। इसी दौरान सुधा सागर नगर में संजय ठाकुर के घर में भी चोरी की वारदात सामने आई। यहां से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामग्री चोरी होने की जानकारी मिली है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच चोरी गए सामान और कुल वारदातों की संख्या को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
बाड़ी में अग्निबाण से हुआ रावण दहन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा दशहरा मैदान
फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने जुटाए साक्ष्य
नगर में लगातार दूसरे दिन चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। सूने मकानों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लगातार हो रही वारदातों का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। शुक्रवार को रायसेन से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम गैरतगंज पहुंची। टीम में सागर साहू सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे। टीम ने चोरी वाले मकानों और घटनास्थलों का निरीक्षण किया और फिंगर प्रिंट के नमूने एकत्र किए























