ड्रग्स के धंधे में ‘गब्बर’ का कनेक्शन! 30 ग्राम MD केस में फरार आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। शहर में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच ने MD ड्रग्स तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी गब्बर उर्फ राजकुमार लावरे, निवासी देवास को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे ड्रग्स के नेटवर्क, सप्लायर, खरीदार और पूरे गिरोह के फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंकेज को लेकर पूछताछ कर रही है। मामला 31 मई 2026 को स्कीम नंबर 134 स्थित फरीदाबाग कब्रिस्तान के पास पानी की टंकी वाली रोड से जुड़ा है। क्राइम ब्रांच की टीम ने यहां घेराबंदी कर देवास निवासी सरफराज उर्फ शब्बु और अमन उर्फ सलमान को पकड़ा था। दोनों के कब्जे से 30.02 ग्राम MD ड्रग्स, दो मोबाइल फोन सहित करीब 4 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया था।
ये भी पढ़ें: मुंबई से बस में आई ‘कोकीन कूरियर’!नाइजीरियन महिला,असली तस्करों तक पहुंचना चुनौती
साथियों से पूछताछ में खुला ‘गब्बर’ का नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई तो मामले में फरार चल रहे गब्बर उर्फ राजकुमार लावरे की भूमिका सामने आई। इसके बाद उसके खिलाफ प्रकरण में धारा 8/29 NDPS एक्ट बढ़ाई गई और उसकी तलाश शुरू कर दी गई। क्राइम ब्रांच की टीम लगातार आरोपी की पतारसी में जुटी थी। आखिरकार 6 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ड्रग्स की सप्लाई में किस तरह जुड़ा था और गिरोह में उसकी क्या भूमिका थी।
ये भी पढ़ें: प्रॉपर्टी ब्रोकिंग की आड़ में MD ड्रग्स का धंधा:53 ग्राम नशे के साथ तस्कर गिरफ्तार
कपड़े की दुकान चलाता है आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी देवास जिले का रहने वाला है और खुद की कपड़े की दुकान संचालित करता है। पुलिस अब उसके कारोबार और संदिग्ध संपर्कों की भी जांच कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ड्रग्स की सप्लाई का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
ये भी पढ़ें: कौन हैं बंबीहा गैंग के ये 3 आरोपी? मलेशिया से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचे जसप्रीत, अजय और पवनदीप
सप्लायर से खरीदार तक पूरा नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
क्राइम ब्रांच आरोपी से MD ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत और उससे जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस का फोकस इस बात पर है कि ड्रग्स कहां से लाई गई, किसे सप्लाई की जानी थी और गिरोह में कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की भी जांच करेगी, ताकि नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
ये भी पढ़ें: एसी रिपेयरिंग की आड़ में ड्रग्स कारोबार! फरार आरोपी क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा
तीन आरोपियों से जुड़ा है मामला
इस प्रकरण में अब तक सरफराज उर्फ शब्बु, अमन उर्फ सलमान और गब्बर उर्फ राजकुमार लावरे के नाम सामने आए हैं। शुरुआती कार्रवाई में पकड़े गए दोनों आरोपियों से 30.02 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की गई थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है।




















