Bandhavgarh National Park :बांधवगढ़ में पहली बार 12 दिन के अंदर बाघ ने किए तीन मानव शिकार

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में गुरुवार को बाघिन के हमले में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। जून महीने में पहली घटना 12 जून को दूसरी 13 और तीसरी 25 जून को दर्ज की गई। पूरे मामले में पार्क प्रबंधन भी सकते में है जिम्मेदारों का कहना है कि बांधवगढ़ पार्क के इतिहास में इतने कम दिनों में तीन मानव शिकार कभी न देखे, न सुने। बाघों द्वारा उपरोक्त हमले पांच किलोमीटर के दायरे में किए गए हैं।
165 बाघों के लिए कम पड़ रहा एरिया
बांधवगढ नेशनल पार्क में इस समय 165 से अधिक बाघ हैं जिनके लिए 1536 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र रखा गया है जो संख्या के हिसाब से कम है। इसे लेकर मंथन हो रहा है लेकिन ये घटना नजीर बनकर विभाग के लिए बड़ा सवाल बन गई है जिस पर शीघ्र कदम नहीं उठाया गया तो मानव शिकारों के आंकड़ों का बढ़ना तय है। बहरहाल बाघिन के हमले में बुजुर्ग की मौत को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें: E20 Fuel: सरकार ने दी बड़ी सफाई, इंश्योरेंस क्लेम पर नहीं पड़ेगा कोई असर
250 मीटर घसीटकर झाड़ियों में ले गई
जानकारी के अनुसार, उत्तर पलझा निवासी अन्नू रजक (60) महुआ की डोरी (फल) बीनने जंगल गए थे। जब वे नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। जंगल में उनके जूते और शर्ट मिले। इसके बाद वन अमले ने हाथियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बाघिन बुजुर्ग को करीब 250 मीटर घसीटकर झाड़ियों में ले गई थी और शव को क्षत-विक्षत कर दिया था। हाथी दल के पहुंचने के बाद ही बाघिन वहां से हटी। मृतक के परिवार में पत्नी और एक शादीशुदा बेटा है।
पांच किमी के दायरे में लगातार हमले
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक भूरा गायकवाड़ ने बताया कि, इससे पहले 12 व 13 जून को भी बाघ के हमले में एक महिला और एक युवक की जान जा चुकी है। खास बात यह है कि, ग्रामीणों पर यह हमले पांच किलोमीटर के दायरे में हुई है। गुरुवार की घटना में वृद्ध का शव बरामद कर पोस्टमार्टम करा दिया गया है। क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से लगातार निगरानी और सर्चिंग जारी है। हिंसक बाघिन को रेस्क्यू करने की तैयारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : ट्रस्ट ने दर्ज कराई FIR, 8 लोगों को बनाया गया आरोपी
संभवत: पहली बार 15 दिन में तीन घटनाएं
बांधवगढ़ में बाघ के हमले में हुई जनहानि की घटनाएं दुखद हैं। संभवत: यह प्रदेश में पहली बार है जब 15 दिनों के बीच एक पार्क में तीन घटनाएं घटित हो चुकी हैं। मुआवजे की कार्यवाही जारी है। सभी ग्रामीणों को निरंतर सचेत किया जा रहा है कि वे बाघ विचरण क्षेत्र में न जाएं।
एल. कृष्णमूर्ति, एपीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ, भोपाल मप्र












