Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Amritsar : अमृतसर एयरपोर्ट पर दिखा संदिग्ध ड्रोन, 3 घंटे तक रोकी गईं सभी फ्लाइट्स

Follow on Google News
Amritsar : अमृतसर एयरपोर्ट पर दिखा संदिग्ध ड्रोन, 3 घंटे तक रोकी गईं सभी फ्लाइट्स
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में मंगलवार देर रात श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर संदिग्ध ड्रोन मूवमेंट दिखाई दी। इस कारण हवाई अड्‌डे की सभी उड़ानों को रोकना पड़ा। उड़ान सेवाएं लगभग 3 घंटे तक बाधित रहीं। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है।

फ्लाइट को नहीं मिली लैंडिंग की इजाजत

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से उस समय सभी निर्धारित उड़ानों को एयरपोर्ट पर उतरने और वहां से उड़ान भरने में बाधा उत्पन्न हुई। श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक संदीप अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि यह घटना सोमवार रात 10:10 बजे घटी और ड्रोन जैसी वस्तुओं की गतिविधियां लगभग 3 घंटे तक सक्रिय रहीं। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे पर रात 10:10 बजे से देर रात 12:45 बजे तक उड़ान परिचालन स्थगित रहा, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर से मंजूरी मिलने के बाद सेवाएं बहाल कर दी गईं।

एयरपोर्ट संचालक ने दर्ज कराई शिकायत

अग्रवाल ने बताया कि ड्रोन जैसी वस्तुओं की गतिविधि देखे जाने के बाद हवाई अड्डा प्राधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। हालांकि, पुलिस को अभी तक यह पता नहीं लगा कि क्या वे ड्रोन थे और उन्हें कौन चला रहा था। अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में हवाई अड्डे से सटे स्थानीय वायुसेना स्टेशन की भी मदद ली गई है। उन्होंने कहा कि यहां हवा में ऐसी वस्तुओं की गतिविधि पहली बार देखी गई है और यह अधिकारियों के लिए गहरी चिंता का विषय है, क्योंकि यह हवाई अड्डा भारत-पाक सीमा के बहुत करीब है। संपर्क करने पर हवाई अड्डा थाना प्रभारी हरसिमर ने बताया कि हवाई अड्डा प्राधिकरण ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

CISF ने ली तलाशी

प्रभारी ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को मिलने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के साथ व्यापक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके तहत हवाई अड्डे के आसपास के विभिन्न गांवों के कई लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी को भी हवाई अड्डे के आसपास उड़ती वस्तुओं के बारे में कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आमतौर पर जब ड्रोन हवा में उड़ते हैं, तो ऊपर लगी लाइट टिमटिमाती हैं, लेकिन हवाई अड्डा प्राधिकरण के अनुसार इस मामले में एक ‘‘सिंगल स्पॉटलाइट'' थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि वे ड्रोन थे या कोई अन्य वस्तु। ये भी पढ़ें- Kolkata Doctor Rape Murder Case : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बोलीं- मैं निराश और डरी हुई हूं, बस अब बहुत हुआ…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts