Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़, कनाडा में भी नंबर-1 भगोड़ा; करोड़ों का इनाम घोषित

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी बराड़ को FBI ने अमेरिका की टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। कनाडा ने भी उसे 25 मोस्ट वांटेड की सूची में पहले नंबर पर रखा है। FBI ने 10 लाख डॉलर और कनाडा ने 2.5 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया है।
FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़, कनाडा में भी नंबर-1 भगोड़ा; करोड़ों का इनाम घोषित
FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड सूची में शामिल गोल्डी बराड़

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। वहीं, कनाडा ने भी उसे 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में पहले नंबर पर रखा है। दोनों देशों की एजेंसियां उसकी तलाश कर रही हैं। FBI ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। वहीं, कनाडा में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 1.63 करोड़ रुपये का इनाम रखा गया है। 

FBI ने क्यों शामिल किया टॉप-10 लिस्ट में?

FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से जुड़ा है और उत्तरी अमेरिका में इस गैंग का कथित प्रमुख संचालक है। अमेरिकी एजेंसी ने उस पर हत्या, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। FBI की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस गैंग पर अमेरिका और कनाडा में लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, अपहरण, मारपीट, जबरन वसूली और ड्रग्स व हथियारों की तस्करी जैसे अपराधों में शामिल होने का आरोप है। गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका में कई संघीय आरोप भी दर्ज किए गए हैं। 

कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में भी पहले नंबर पर

अमेरिका के बाद अब कनाडा में भी गोल्डी बराड़ की तलाश तेज हो गई है। कनाडा के BOLO (Be On the Lookout) प्रोग्राम की 2026 की नई टॉप-25 मोस्ट वांटेड सूची में उसे पहले स्थान पर रखा गया है। कनाडा की पुलिस उसे सितंबर 2023 में हुई सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में तलाश रही है। इस मामले में गोल्डी बराड़ के खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश से जुड़े आरोपों में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं। उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम दिया जाएगा। यह इनाम कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी की जानकारी देने पर भी लागू है। 

Goldy Brar

FBI ने गोल्डी बराड़ पर रखा 10 लाख डॉलर का इनाम

FBI ने गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक का इनाम घोषित किया है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 9.6 करोड़ रुपये होती है। अमेरिकी एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को गोल्डी बराड़ के ठिकाने या गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलती है, तो वह सीधे कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचित करे। FBI ने उसे बेहद खतरनाक और हथियारबंद बताया है। 

भारत में भी वांछित है गोल्डी बराड़

गोल्डी बराड़ का नाम भारत में भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। भारत में भी सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही हैं। अमेरिका और कनाडा की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल होने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश और तेज हो गई है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts