Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

तेज गेंदबाज बोलैंड केएल राहुल पर दबाव बनाने की करेंगे पूरी कोशिश

भारत-ए बनाम ऑस्ट्रेलिया-ए : चार दिवसीय मुकाबला आज से
Follow on Google News
तेज गेंदबाज बोलैंड केएल राहुल पर दबाव बनाने की करेंगे पूरी कोशिश

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले भारत ए के खिलाफ गुरुवार से खेले जाने वाले चार दिवसीय मुकाबले में अनुभवी बल्लेबाज लोकेश राहुल के खराब प्रदर्शन के दौर और आगें बढ़ाने की कोशिश करेंगे। राहुल और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के खत्म होते ही ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भरी। यह दोनों खिलाड़ी एमसीजी में दूसरे चार दिवसीय मैच में भारत ए के लिए खेलेंगे।

बोलैंड ने कहा कि मैंने कुछ साल पहले भारत में एक मैच में उनके खिलाफ गेंदबाजी की है। अपने मैदान पर उनके खिलाफ गेंदबाजी करने का अनुभव अलग तरह का होगा। राहुल ने 2015 में ऑस्ट्रेलिया के अपने पहले दौरे पर शतक लगाया था, लेकिन उसके बाद उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। उन्होंने इस देश में चार मैचों में 20.77 की औसत से रन बनाए हैं। बोलैंड ने कहा कि वह पारी की शुरुआत में इस 32 साल के बल्लेबाज पर हावी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं। मुझे लगता है कि वह ऐसा बल्लेबाज है, जिसके खिलाफ पारी की शुरुआत में मेरे पास दबदबा बनाने का मौका होगा। उम्मीद है कि मैं आगामी मैचों में उस पर भारी पड़ूंगा।

न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरू टेस्ट में शून्य और 12 रन की पारियों के बाद राहुल को अंतिम एकादश से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने टेस्ट में अपना आखिरी शतक 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में लगाया था। उसके बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ नौ पारियों में सिर्फ दो अर्धशतक लगाए हैं।

रोहित की जगह राहुल को मिल सकती है टीम में जगह

रोहित शर्मा पांच मैचों की सीरीज में अगर 22 नवंबर से पर्थ में खेले जाने वाले पहले टेस्ट से बाहर रहते हैं तो राहुल की एकादश में वापसी हो सकती है। भारत का घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 35 साल के बोलैंड का मानना है कि इस टीम के पास वापसी करने का माद्दा है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में गेंद को अधिक उछाल और स्विंग मिलेगी। यहां वे जिस टीम के साथ मैदान में उतरेंगे वह टीम भारत से काफी अलग होगी।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मजबूत वापसी कर सकती है टीम इंडिया

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड का मानना है कि न्यूजीलैंड से सीरीज में करारी हार से भारत का आत्मविश्वास डगमगा गया होगा, लेकिन उन्होंने अपनी टीम को आगाह करते हुए कहा कि भारतीय टीम अधिक आक्रामक होकर 22 नवंबर से शुरू होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में जोरदार वापसी कर सकती है। भारत को न्यूजीलैंड से तीनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। यह पहला अवसर है, जबकि घरेलू धरती पर तीन या इससे अधिक टेस्ट मैच की सीरीज में उसका सूपड़ा साफ हुआ। हेजलवुड ने कहा कि वह (भारत) घायल शेर की तरह वापसी करने के लिए प्रतिबद्ध होगा।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts