एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन, 75 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार दोपहर 75 साल की उम्र में निधन हो गया। यशराज फिल्म्स (YRF) ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। उनके निधन की खबर से मुखर्जी परिवार और फिल्म इंडस्ट्री में शोक का माहौल है। परिवार ने इस मुश्किल समय में मीडिया और फैंस से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है।
YRF ने जारी किया बयान
यशराज फिल्म्स ने अपने आधिकारिक बयान में कृष्णा मुखर्जी के निधन की जानकारी दी। बयान में परिवार की ओर से फैंस और शुभचिंतकों के प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए आभार जताया गया है। साथ ही इस मुश्किल वक्त में परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की गई है।
बंगाली सिनेमा से रहा गहरा जुड़ाव
कृष्णा मुखर्जी का बंगाली सिनेमा और संगीत जगत से गहरा जुड़ाव था। वे प्लेबैक सिंगर रह चुकी थीं और कई बंगाली फिल्मों के लिए अपनी आवाज दी थी। इसके अलावा वे बंगाली एल्बम और स्टेज शो के जरिए भी संगीत से जुड़ी रहीं। उनकी संगीत में खास रुचि थी और शास्त्रीय व लोक संगीत पर भी उनकी मजबूत पकड़ बताई जाती है।
रानी के बेहद करीब थीं कृष्णा
रानी मुखर्जी अपनी मां कृष्णा के बेहद करीब थीं। रानी के करियर के शुरुआती दौर से ही कृष्णा कई मौकों पर उनके साथ नजर आती थीं। अवॉर्ड फंक्शन, फिल्म स्क्रीनिंग और दूसरे सार्वजनिक कार्यक्रमों में दोनों की साथ तस्वीरें अक्सर सामने आती रही हैं। रानी ने कई मौकों पर अपनी सफलता में मां के योगदान का जिक्र भी किया था। बताया जाता है कि कृष्णा ने रानी को एक्टिंग के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया था।
'तीसरी आंख' के गाने को मिली पहचान
कृष्णा मुखर्जी ने 1980 के दशक में कई गानों में अपनी आवाज दी। उनके चर्चित गानों में 1982 में रिलीज हुई फिल्म 'तीसरी आंख' का गाना 'ईद के दिन गले मिल ले राजा' भी शामिल है। इस गाने का संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने दिया था।
रानी के करियर पर भी रखती थीं नजर
कृष्णा मुखर्जी को फिल्म इंडस्ट्री की अच्छी समझ थी। रानी के शुरुआती करियर के दौरान वे उनके काम को लेकर काफी सजग रहती थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रानी के शुरुआती स्क्रीन टेस्ट को लेकर भी उन्होंने अपनी राय खुलकर रखी थी और काम की गुणवत्ता को लेकर काफी सख्त थीं।
रानी मुखर्जी का फिल्मी सफर
रानी मुखर्जी ने लंबे फिल्मी करियर में 'गुलाम', 'कुछ कुछ होता है', 'साथिया', 'हम तुम' और 'ब्लैक' जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया है। हाल ही में वह 'मर्दानी 3' में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार निभाया था।



















