लव रंजन की ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का फर्स्ट पोस्टर जारी, 6 नए चेहरों की होगी एंट्री

लव रंजन की अपकमिंग फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। पोस्टर में फिल्म के छह नए कलाकारों की झलक देखने को मिल रही है। फ्रेंडशिप और कॉमेडी से भरपूर यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
6 नए चेहरों की होगी बॉलीवुड में एंट्री
‘पहला प्यार दूसरी बार’ के जरिए अलीशा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद्य, सरगुन कौर लूथरा और तुषार छिब्बर फिल्म इंडस्ट्री में ऑन-स्क्रीन डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में सभी कलाकार एक साथ नजर आ रहे हैं। पोस्टर में उनका स्टाइलिश और मस्ती भरा अंदाज दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही फिल्म के मॉडर्न और यूथफुल ट्रीटमेंट की झलक भी मिलती है।
फ्रेंडशिप और कॉमेडी पर आधारित है फिल्म
‘पहला प्यार दूसरी बार’ एक फ्रेंडशिप-कॉमेडी और रिलेशनशिप बेस्ड फिल्म है। फिल्म का निर्देशन डेब्यूटेंट डायरेक्टर अनुज सैनी कर रहे हैं। फिल्म को लव फिल्म्स के बैनर तले बनाया जा रहा है, जो इससे पहले भी रिलेशनशिप और यूथ-केंद्रित कहानियों पर फिल्में बना चुका है।
नए कलाकारों को लेकर बोले लव रंजन
फिल्म में छह नए चेहरों को लॉन्च करने को लेकर लव रंजन ने कहा कि नए कलाकारों को पेश करना चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ उनके लिए हमेशा खास अनुभव रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 15 साल पहले उन्हें ‘प्यार का पंचनामा’ के जरिए नए कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला था। ‘पहला प्यार दूसरी बार’ में छह नए चेहरों के लिए एक नई दुनिया तैयार करना और उन्हें अपने किरदारों में अपनी अलग पहचान बनाने का मौका देना उन्हें खास लगा।
23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘पहला प्यार दूसरी बार’ को लव फिल्म्स प्रेजेंट कर रहा है। फिल्म का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है, जबकि इसका निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है। फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।




















