बहन को फोन पर कही फांसी लगाने की बात, कुछ देर बाद घर में फंदे पर लटका मिला 25 वर्षीय युवक

बालाघाट। ग्रामीण थाना क्षेत्र के पेंडरई गांव में गुरुवार देर रात 25 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना से कुछ समय पहले युवक ने अपनी बहन और रिश्ते के भाई को फोन कर अपनी जान लेने की बात कही थी। परिजन उस समय उसकी बात को गंभीरता से नहीं समझ पाए। कुछ देर बाद जब रिश्तेदार उसके घर पहुंचा तो युवक मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान गोपाल पिता मदनलाल मोहारे के रूप में हुई है। वह दो बहनों का इकलौता भाई था और गांव में खेती-किसानी करता था। घटना के समय उसकी मां बड़ी बेटी के घर नागपुर गई हुई थीं और गोपाल घर पर अकेला था।
बहन को फोन कर कही जान देने की बात
परिजनों के अनुसार, रात में गोपाल ने अपनी बड़ी बहन लता को फोन किया। बातचीत के दौरान उसने अपनी जान लेने की बात कही। बहन ने तुरंत इसकी जानकारी रिश्ते के भाई भादुलाल मोहारे को दी। भादुलाल गोपाल के घर पहुंचा तो वह बिस्तर पर सोया हुआ मिला। इसके बाद गोपाल ने दोबारा अपनी बहन और रिश्तेदार से फोन पर बात की और वही बात दोहराई। परिजनों ने उसकी बात को नशे की हालत में कही गई बात समझा और स्थिति की गंभीरता को नहीं भांप सके।
दोबारा फोन आने पर घर पहुंचा रिश्तेदार
कुछ देर बाद गोपाल की बहन का फिर फोन आया। इसके बाद भादुलाल दोबारा गोपाल के घर पहुंचा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर गोपाल मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी परिवार को मिली तो घर में मातम छा गया। गोपाल की मौत से उसकी दोनों बहनों और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। शुक्रवार सुबह शव को जिला अस्पताल लाया गया। यहां परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीण पुलिस के अनुसार, फिलहाल गोपाल की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




















