भारत में एंट्री से पहले Chery की बढ़ी मुश्किलें, सड़क पर टूट गई Omoda 5 कार, चेयरमैन ने मांगी माफी

भारत में एंट्री की तैयारी कर रही चीनी कार कंपनी Chery को मलेशिया में अपनी Omoda 5 कार से जुड़े मामले के बाद आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर चलती कार का पिछला सस्पेंशन और पहिए बॉडी से अलग होने की घटना सामने आने के बाद कंपनी को 8,878 कारें रिकॉल करनी पड़ीं। अब कंपनी के चेयरमैन और प्रेसिडेंट यिन टोंग्यू ने इस मामले में माफी मांगी है। उन्होंने विदेशी बाजारों में कारोबार करने वाली चीनी कंपनियों से ग्राहकों का भरोसा जीतने और गुणवत्ता पर ध्यान देने की अपील की है।
मलेशिया में कार का पिछला हिस्सा हुआ अलग
यह घटना 6 अक्टूबर को मलेशिया के जोहोर बाहरू में हुई थी। यहां Chery Omoda 5 कार का पिछला सस्पेंशन असेंबली और पहिए गाड़ी की बॉडी से अलग हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मलेशिया के रोड ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट (JPJ) ने हस्तक्षेप किया। 11 अक्टूबर को विभाग ने Omoda 5 के नए व्हीकल टाइप अप्रूवल (VTA) को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया। इसके चलते जांच पूरी होने तक इस मॉडल के नए रजिस्ट्रेशन पर रोक लगा दी गई।
8,878 कारें रिकॉल, क्वालिटी कंट्रोल की जांच
इस घटना के बाद कंपनी को 8,878 कारों को रिकॉल करने का फैसला लेना पड़ा। मलेशिया के अधिकारियों ने कंपनी को उन वाहनों की पहचान करने के निर्देश दिए, जो इस समस्या से प्रभावित हो सकते हैं। इसके लिए कारों के पार्ट नंबर, प्रोडक्शन बैच और व्हीकल आइडेंटिफिकेशन नंबर (VIN) की जांच करने को कहा गया। जांच में वाहनों के उत्पादन और असेंबली प्रक्रिया के साथ क्वालिटी कंट्रोल सिस्टम की भी समीक्षा की जा रही है। इसके अलावा वेल्डिंग की गुणवत्ता और एक्सल से जुड़े पार्ट्स की सप्लाई करने वाली कंपनियों की भी जांच हो रही है।
चेयरमैन यिन टोंग्यू ने मांगी माफी
कार न्यूज चाइना की रिपोर्ट के मुताबिक, 21 अक्टूबर को वर्ल्ड इंटेलिजेंट कनेक्टेड व्हीकल कॉन्फ्रेंस (WICV) में बोलते हुए Chery के चेयरमैन और प्रेसिडेंट यिन टोंग्यू ने वाहन की गुणवत्ता से जुड़ी चिंताओं को स्वीकार किया। उन्होंने इस मामले को लेकर मलेशिया के निवेश, व्यापार और उद्योग मंत्री से भी माफी मांगी। यिन टोंग्यू ने कहा कि चीनी कंपनियों को विदेशी बाजारों में केवल जल्द मुनाफा कमाने के बजाय लंबे समय तक कारोबार करने और ग्राहकों का भरोसा जीतने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दूसरे देशों में कारोबार शुरू करने वाली कंपनियों से वहां के कानून, नियमों और व्यापार करने के तरीकों का सम्मान करने की भी अपील की।
धरती क्यों बन रही आग का गोला? वैज्ञानिकों की नई स्टडी इंसानों की भूमिका पर चौंकाने वाला खुलासा
भारत में एंट्री की तैयारी कर रही Chery
Chery Automobile भारतीय बाजार में प्रवेश करने की योजना पर काम कर रही है। कंपनी भारत में अपनी गाड़ियों की बिक्री के लिए JSW Group के साथ साझेदारी की संभावनाओं पर काम कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की पहली गाड़ियों की एंट्री 2026 के अंत से 2027 के बीच हो सकती है। हालांकि, भारतीय बाजार में लॉन्च की समयसीमा को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में मलेशिया में Omoda 5 से जुड़ा मामला कंपनी के लिए चुनौती बन सकता है। भारतीय बाजार में कदम रखने से पहले गुणवत्ता और वाहन सुरक्षा को लेकर उठे सवालों का समाधान करना कंपनी के लिए अहम होगा।




















