पिता सुपरस्टार, दादा फिल्ममेकर… म्यूजिक में उतरे ऋतिक रोशन के लाड़ले ऋहान, पहला गाना हुआ रिलीज

बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन के 18 साल के बेटे ऋहान रोशन ने अब म्यूजिक की दुनिया में अपना पहला कदम रख दिया है। ऋहान ने एक इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट के तौर पर अपना म्यूजिक डेब्यू किया है। उनका पहला गाना ‘This Heavenly Place’ 28 अगस्त 2026 को रिलीज हो चुका है। ऋहान इस गाने में सिर्फ नजर ही नहीं आ रहे, बल्कि उन्होंने इसके लिए सिंगर, सॉन्गराइटर और गिटारिस्ट की जिम्मेदारी भी संभाली है। गाना रिलीज होते ही उनके परिवार और दोस्तों ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी और उनके इस नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। फिल्मी परिवार से आने वाले ऋहान के लिए यह डेब्यू इसलिए भी खास है, क्योंकि उनके परिवार का बॉलीवुड के साथ-साथ संगीत की दुनिया से भी पुराना रिश्ता रहा है।
ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो में गिटार बजाते दिखे ऋहान
ऋहान के पहले गाने का म्यूजिक वीडियो काफी सिंपल और म्यूजिकल अंदाज में बनाया गया है। वीडियो में वह ब्लैक एंड व्हाइट सेटअप में नजर आते हैं। हाथ में गिटार लेकर वह खुद गाना गाते दिखाई दे रहे हैं। उनका यह अंदाज बॉलीवुड के ग्लैमरस माहौल से अलग और एक इंडिपेंडेंट म्यूजिक आर्टिस्ट की पहचान बनाता हुआ नजर आता है। गाने में ऋहान की आवाज के साथ उनके गिटार बजाने का अंदाज भी देखने को मिलता है। ‘This Heavenly Place’ के जरिए ऋहान ने यह साफ कर दिया है कि वह सिर्फ स्टार किड के तौर पर पहचान बनाने के बजाय अपनी अलग कलात्मक पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
‘खराब VFX होता है…’ रामायण पर उठे सवाल का ऋतिक रोशन ने दिया जवाब, बोले- समझदारी से करें आलोचना
ऋतिक रोशन ने बेटे के लिए शेयर किया खास मैसेज
ऋहान के म्यूजिक डेब्यू पर उनके पिता और अभिनेता ऋतिक रोशन ने भी बेटे का हौसला बढ़ाया। ऋतिक ने गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए ऋहान के लिए एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने अपने बेटे पर भरोसा जताते हुए कहा कि ऋहान बचपन से ही समझदार रहे हैं और उन्हें अपने बेटे पर पूरा विश्वास है। ऋतिक के इस पोस्ट से साफ नजर आया कि वह ऋहान के नए सफर को लेकर काफी उत्साहित और गर्व महसूस कर रहे हैं।
मां सुजैन खान भी हुईं भावुक
ऋहान की मां सुजैन खान ने भी बेटे के म्यूजिक डेब्यू पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर ऋहान को लेकर एक भावुक पोस्ट किया और बताया कि वह इस खास मौके पर बेहद भावुक महसूस कर रही हैं। सुजैन ने बेटे के लिए अपना प्यार जाहिर करते हुए उसे आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दीं। मां की ओर से मिला यह सपोर्ट ऋहान के लिए उनके करियर की शुरुआत में काफी खास माना जा रहा है।

सबा आजाद ने भी दी बधाई
ऋतिक रोशन की पार्टनर और एक्ट्रेस-सिंगर सबा आजाद ने भी ऋहान के गाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर कमेंट करते हुए ऋहान की तारीफ की और उनके डेब्यू पर गर्व जताया। सबा खुद भी म्यूजिक से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में ऋहान के पहले गाने को लेकर उनकी प्रतिक्रिया भी खास रही। परिवार और करीबी दोस्तों की तरफ से मिल रहे लगातार सपोर्ट से ऋहान का पहला म्यूजिक रिलीज सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।
दादा राकेश रोशन ने भी बढ़ाया हौसला
ऋहान के दादा और फिल्ममेकर राकेश रोशन ने भी अपने पोते के म्यूजिक डेब्यू पर खुशी जताई। उन्होंने ऋहान की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। राकेश रोशन का परिवार लंबे समय से बॉलीवुड से जुड़ा हुआ है। ऋहान के लिए यह परिवार की तीसरी पीढ़ी के एक नए क्षेत्र में कदम रखने जैसा है। जहां उनके पिता ऋतिक एक्टिंग में सफल हैं, वहीं दादा राकेश रोशन फिल्म निर्देशन और निर्माण के लिए जाने जाते हैं। अब ऋहान म्यूजिक की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
संगीत से परिवार का पुराना रिश्ता
ऋहान का संगीत से जुड़ाव केवल उनकी मौजूदा पीढ़ी तक सीमित नहीं है। रोशन परिवार का भारतीय संगीत की दुनिया में काफी पुराना इतिहास रहा है। उनके परदादा रोशन लाल नागरथ, जिन्हें रोशन के नाम से भी जाना जाता है, मशहूर संगीतकार थे। उन्होंने हिंदी फिल्मों के लिए कई यादगार गाने तैयार किए।
ऋतिक-सबा के रिश्ते में आई दरार? डेटिंग ऐप प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट वायरल; जानें क्या है पूरा मामला
स्टार किड से अलग अपनी पहचान बनाने की कोशिश
ऋहान रोशन का म्यूजिक डेब्यू इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि वह बॉलीवुड के बेहद चर्चित परिवार से आते हैं। उनके पिता ऋतिक रोशन सुपरस्टार हैं और दादा राकेश रोशन सफल फिल्ममेकर। इसके बावजूद ऋहान ने सीधे फिल्मों में एक्टिंग करने के बजाय म्यूजिक के जरिए शुरुआत की है। एक इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट के तौर पर उनका पहला गाना रिलीज होना बताता है कि वह अपने पसंदीदा क्षेत्र में धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में ऋहान म्यूजिक को ही अपना करियर बनाते हैं या एक्टिंग समेत किसी दूसरे क्षेत्र में भी कदम रखते हैं।
ऋतिक जल्द ‘कृष 4’ में आएंगे नजर
वहीं ऋहान के पिता ऋतिक रोशन की बात करें तो वह जल्द ही अपनी सुपरहीरो फ्रैंचाइजी ‘कृष 4’ के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने वाले हैं। ‘कृष’ फ्रैंचाइजी की पिछली तीन फिल्मों का निर्देशन राकेश रोशन ने किया था। ऐसे में इस परिवार की अगली पीढ़ी का म्यूजिक की दुनिया में कदम रखना और ऋतिक का ‘कृष 4’ के लिए तैयारी करना, रोशन परिवार को एक बार फिर सुर्खियों में ले आया है।



















