अंबेडकर को लेकर कंगना का बड़ा बयान, बोलीं- उनसे जलते थे पूर्व पीएम नेहरू, कैबिनेट से इस्तीफा देने के लिए किया मजबूर
Publish Date: 15 Apr 2025, 3:43 PM (IST)Reading Time: 2 Minute Read
बॉलीवुड एक्ट्रेस और हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत अपने बेबाक बयानों की वजह से काफी सुर्खियों में रहती हैं। अंबेडकर जयंती के एक कार्यक्रम में उन्होंने नेहरू और बाबा साहेब को लेकर कोई बयान दिया, जिस वजह से वह एक बार फिर विवादों में आ गई। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर से जलन थी। साथ ही कंगना ने कहा कि ‘अगर वास्तव में किसी ने बाबा साहेब का सम्मान किया है, तो वह भारतीय जनता पार्टी है। कांग्रेस ने उनका अपमान किया है।’
अंबेडकर से जलते थे नेहरू- कंगना
आगे कंगना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठे वादे करके लोगों को बहकाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘कांग्रेस की नीयत ठीक नहीं है और अब वो एक नया तरीका अपना रही है। उनके नेता अब सिर्फ दिखावे के लिए संविधान की किताब अपने साथ रखते हैं और बाबा साहेब अंबेडकर का नाम भी सिर्फ वोट पाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।’
इतना ही नहीं उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया गया और फिर उन्हें कैबिनेट से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया, क्योंकि नेहरू को अंबेडकर की समझ और बुद्धि से जलन होती थी।’
बीजेपी ने दिया असल सम्मान
बीजेपी की तारीफ करते हुए कंगना ने कहा कि भाजपा ही वह पार्टी है जिसने डॉ. अंबेडकर को सही मायनों में सम्मान दिया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न सिर्फ अंबेडकर को भारत रत्न दिया, बल्कि उनके जीवन से जुड़ी पांच अहम जगहों को पवित्र स्थल घोषित कर उन्हें भगवान जैसा सम्मान भी दिया।
ये भी पढ़ें- दलित दूल्हे को मंदिर में प्रवेश से रोका, इंदौर के गांव से शर्मनाक घटना, पुलिस की समझाइश के बाद सिर्फ दूल्हे को करवाए मंदिर में दर्शन