🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

जनगणना 2027! जाति से कोविड वैक्सीन तक पूछे जाएंगे ये 40 सवाल

जनगणना 2027 को लेकर केंद्र सरकार ने दूसरे चरण की तैयारी तेज कर दी है। इस चरण में लोगों से नाम, उम्र, धर्म, शिक्षा और रोजगार के साथ जाति से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी। सवालों में कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खाते, मोबाइल नंबर, आधार, वोटर आईडी और पासपोर्ट जैसी जानकारियां भी शामिल हैं। यह जनगणना डिजिटल तरीके से कराई जाएगी।
Follow on Google News
जनगणना 2027! जाति से कोविड वैक्सीन तक पूछे जाएंगे ये 40 सवाल
जनगणना में पूछे जाएंगे 40 अहम सवाल

नई दिल्ली। देश में अगली जनगणना को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना में लोगों से कई तरह की व्यक्तिगत और सामाजिक जानकारी ली जाएगी। इस प्रक्रिया के लिए 40 सवालों वाली प्रश्नावली तैयार की गई है। इसमें पहली बार व्यापक स्तर पर जाति से जुड़ी जानकारी दर्ज करने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा परिवार, धर्म, पढ़ाई, नौकरी, जन्म स्थान, दूसरे शहर में जाने की वजह और बच्चों से जुड़ी जानकारी भी पूछी जाएगी। सरकार ने जनगणना को डिजिटल बनाने की तैयारी की है, जिससे आंकड़े जुटाने और उन्हें सुरक्षित तरीके से दर्ज करने की प्रक्रिया आसान हो सकेगी।

जाति से लेकर धर्म तक पूछी जाएगी जानकारी

जनगणना के दूसरे चरण में हर व्यक्ति से उसकी बुनियादी जानकारी ली जाएगी। इसमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तारीख, उम्र और वैवाहिक स्थिति जैसे सवाल शामिल होंगे। लोगों से उनकी राष्ट्रीयता और धर्म भी पूछा जाएगा। इसके साथ यह भी दर्ज किया जाएगा कि व्यक्ति अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या किसी अन्य जाति से संबंधित है। जनगणना 2027 में जाति की जानकारी शामिल करने का फैसला सरकार पहले ही कर चुकी है।

ये भी पढ़ें: जमीन के विवाद में रिश्ते हुए शर्मसार? पिता की मौत के बाद शव के अंगूठे का निशान लेने का वीडियो वायरल!

पढ़ाई और नौकरी का भी होगा हिसाब

प्रश्नावली में शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवाल भी रखे गए हैं। लोगों से उनकी मातृभाषा, दूसरी भाषाओं की जानकारी और डिजिटल साक्षरता के बारे में पूछा जाएगा। यह भी जानने की कोशिश होगी कि व्यक्ति अभी किसी शिक्षण संस्थान में पढ़ रहा है या नहीं और उसकी सबसे ज्यादा शैक्षणिक योग्यता क्या है। नौकरी करने वालों से उनके काम, पेशे और काम की प्रकृति से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी।

जन्म स्थान और प्रवास की जानकारी भी जरूरी

जनगणना में लोगों से उनके जन्म स्थान के बारे में पूछा जाएगा। अगर किसी व्यक्ति ने अपना निवास बदला है तो उससे पिछली जगह और मौजूदा स्थान पर आने की वजह भी जानने की कोशिश होगी। यह भी दर्ज किया जाएगा कि वह कितने समय से मौजूदा शहर या गांव में रह रहा है। इससे देश में लोगों के प्रवास और आबादी के बदलते पैटर्न को समझने में मदद मिलेगी।

महिलाओं से बच्चों से जुड़े सवाल

प्रश्नावली में महिलाओं के लिए परिवार और बच्चों से जुड़े सवाल भी हैं। विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिलाओं से उनके जीवित बच्चों की संख्या पूछी जाएगी। पिछले एक साल में जन्मे बच्चों की जानकारी भी ली जाएगी। इन आंकड़ों से देश में परिवार के आकार और जन्म दर से जुड़ी तस्वीर समझने में मदद मिलेगी।

कोविड वैक्सीन और बैंक खाते भी सवालों में

इस बार कुछ ऐसे सवाल भी हैं जो लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। व्यक्ति से पूछा जाएगा कि उसने कोविड-19 का टीका कहां लगवाया था। इसके अलावा बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर और उपलब्ध होने पर आधार नंबर, वोटर आईडी और पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी भी मांगी जाएगी। ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध है या नहीं, यह भी प्रश्नावली का हिस्सा बताया गया है।

फरवरी 2027 में होगी जनसंख्या गणना

भारत में जनगणना दो चरणों में हो रही है। पहले चरण में मकानों और आवास से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है, जबकि दूसरे चरण में लोगों की जनसंख्या और व्यक्तिगत विवरण दर्ज किए जाएंगे। केंद्र सरकार के अनुसार जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। इस बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: ‘यह मेरे और छात्रों के बीच का संवाद है’, NALSAR विवाद में CJI सूर्यकांत ने BCI को लगाई फटकार

पहली बार डिजिटल जनगणना

जनगणना विभाग के अनुसार आगामी जनगणना में मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल तरीके से आंकड़े जुटाए जाएंगे। लोगों के लिए स्व-गणना यानी खुद जानकारी भरने की सुविधा भी दी जा रही है। इसका उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को आसान और तेज बनाना है। 

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

icon

Latest Posts