इंदौर। मेट्रो प्रोजेक्ट पूरी तरह तैयार होने के बावजूद चुनावी कारणों के चलते शुरू नहीं हो पा रहा है। सांसद शंकर लालवानी के अनुसार अब पांच राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद ही मेट्रो संचालन की तारीख तय होगी, जिससे लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है।
इंदौर शहर के बहुप्रतीक्षित मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर एक बार फिर इंतजार बढ़ गया है और रेडीसन चौराहे से गांधीनगर तक तैयार हो चुकी मेट्रो लाइन को फिलहाल चुनावी कारणों से हरी झंडी नहीं मिल पा रही है। केंद्र और राज्य सरकार चुनावी व्यस्तताओं के चलते मेट्रो संचालन की तारीख तय नहीं कर पा रहे हैं। अब उम्मीद जताई जा रही है कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई 2026 को आने के बाद ही मेट्रो सेवा शुरू हो सकेगी। शहरवासियों के लिए यह देरी निराशा का कारण बन रही है क्योंकि प्रोजेक्ट पूरी तरह तैयार बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: मैहर में सनसनी : स्कूल से लौट रही नाबालिग छात्रा का अपहरण, रातभर सर्च के बाद बंद मकान से बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार
शहरवासियों को लंबे समय से मेट्रो के पूरी तरह से संचालन का इंतजार है और पहले केवल 5 किलोमीटर के सीमित रूट पर मेट्रो चलाई गई थी जिससे आम नागरिकों को ज्यादा फायदा नहीं मिल पाया। लेकिन अब रेडीसन से गांधीनगर तक 17.5 किलोमीटर का बड़ा कॉरिडोर तैयार है जिससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। यह रूट शहर के कई अहम हिस्सों को जोड़ता है और ट्रैफिक की समस्या को कम करने में भी मददगार साबित हो सकता है।
मामले में सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि इंदौर मेट्रो का संचालन पांच राज्यों के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही शुरू किया जाएगा और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा इसके शुभारंभ की योजना बनाई जाएगी। लालवानी के अनुसार मेट्रो का निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है और ट्रेनों के संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा नहीं है। इसके बावजूद प्रशासनिक कारणों से कुछ समय है और 4 मई के बाद किसी भी समय उद्घाटन की तारीख तय की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: Bollywood : कार्तिक आर्यन को मिला नया प्रोजेक्ट, रीमा कागती करेंगी डायरेक्ट
मेट्रो संचालन में हो रही देरी को लेकर शहर के लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है और लोगों का कहना है कि जब परियोजना पूरी तरह तैयार है तो इसे जनता के लिए शुरू नहीं करना उचित नहीं है। आईटी कंपनी में कार्यरत रवि तोमर का कहना है कि मेट्रो का सेफ्टी निरीक्षण पूरा हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है और 11 मार्च 2026 को सीएमआरएस द्वारा लगभग 11.9 किलोमीटर ट्रैक पर ट्रेन संचालन की अनुमति दी जा चुकी है। लोगों का सवाल है कि अन्य राज्यों के चुनावों का इंदौर से क्या संबंध है।